उरई (जालौन) जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने विकासखंड डकोर के ग्राम बड़ागांव स्थित पंचायत सचिवालय में संचालित फार्मर रजिस्ट्री अभियान का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को अभियान में और तेजी लाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी को अवगत कराया गया कि पी.एम. किसान पोर्टल पर पंजीकृत कुल 105 कृषकों में से 3 कृषक मृतक, 3 भूमिहीन तथा 5 कृषक गांव में निवासरत नहीं पाए गए हैं, जिनकी फार्मर रजिस्ट्री लंबित है। शेष 94 पात्र कृषकों की फार्मर रजिस्ट्री पूर्ण कर ली गई है, जबकि अन्य छूटे हुए किसानों का भी तेजी से पंजीकरण किया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि प्रत्येक पात्र किसान की फार्मर रजिस्ट्री हर हाल में पूर्ण की जाए और किसी भी स्थिति में पात्र व्यक्ति योजना के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने अपात्र मामलों का सत्यापन कर सूची को अद्यतन रखने तथा अभियान में शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि घर-घर संपर्क कर छूटे हुए कृषकों का पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए, जिससे किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ निर्बाध रूप से प्राप्त हो सके। इस अवसर पर तहसीलदार श्रीश कुमार, लेखपाल मुकतेंद्र, पंचायत सहायक सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
