कदौरा (जालौन) सरकार की महत्वाकांक्षी हर घर नल योजना ब्लॉक कदौरा के ग्राम इटौरा गुरु में बदहाल व्यवस्था और विभागीय लापरवाही के चलते पूरी तरह पटरी से उतरती नजर आ रही है। गांव में पिछले करीब तीन माह से जलापूर्ति ठप पड़ी है, जिससे ग्रामीण भीषण जल संकट से जूझ रहे हैं। हालात यह हैं कि घर-घर नल कनेक्शन होने के बावजूद लोगों को पीने का पानी जुटाने के लिए दूर-दराज के स्रोतों पर निर्भर रहना पड़ रहा है। शुरुआत में कुछ दिनों तक नलों में पानी आया, लेकिन इसके बाद अधिकांश मोहल्लों की सप्लाई अचानक बंद हो गई, जिससे ग्रामीणों में गहरा आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में लगे पुराने हैंडपंप भी लंबे समय से खराब पड़े हैं और उनकी मरम्मत नहीं कराई गई। ऐसे में पानी का कोई वैकल्पिक साधन भी उपलब्ध नहीं है। जल जीवन मिशन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने बताया कि कई बार लिखित व मौखिक शिकायतें दी गईं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इतना ही नहीं, शासन के जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत संख्या 40016526004370 दर्ज होने के बावजूद अब तक समस्या का समाधान नहीं किया गया है। ग्रामीणों के अनुसार, पोर्टल पर निस्तारण के लिए एक-एक महीने की तारीखें दी जा रही हैं, जबकि पानी जैसी मूलभूत आवश्यकता के लिए इतना इंतजार करना संभव नहीं है। करीब चार माह से विभागीय दफ्तरों के चक्कर काट रहे ग्रामीण अब आंदोलन की चेतावनी दे रहे हैं।
ग्रामीणों का साफ कहना है कि यदि जल्द ही जलापूर्ति बहाल नहीं की गई, तो वे सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
