जिला संवाददाता अमित गुप्ता
कालपी (जालौन)।
कालपी/जालौन रविवार को यमुना नदी के संरक्षण स्वच्छता तथा अविरलता को लेकर जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से कालपी के पीला घाट से जल सहेलियों के साथ 352 किमी लम्बी यमुना यात्रा 2.0 का शुभारम्भ किया गया। यमुना परिक्रमा के द्वितीय चरण के तहत 29 नवंबर से 14 दिसंबर 2026 तक प्रस्तावित इस यात्रा के माध्यम से जल संरक्षण, सामाजिक सहभागिता और नदी के प्रति जनमानस में जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का प्रयास किया जायेगा।इस यात्रा का 14 दिसम्बर को प्रयागराज में समापन होगा।
यमुना नदी के तटवर्ती पीताम्बरा घाट में मां बनखंडी धाम के महंत जमुनादास महाराज, मनीष महाराज के सानिध्य में आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुये संयोजक संजय सिंह ने बताया कि यह यात्रा जल सहेलियों की पहल, समाज की भागीदारी और यमुना संरक्षण के सामूहिक संकल्प को समर्पित है। यात्रा का उद्देश्य केवल धार्मिक परिक्रमा तक सीमित न होकर यमुना नदी की वर्तमान स्थिति, उसकी स्वच्छता, जलधारा और पर्यावरणीय महत्व को लेकर आम लोगों को जागरूक करना भी है।
क्षेत्रीय विधायक विनोद चतुर्वेदी ने यात्रा के दौरान जल सहेलियां, सामाजिक कार्यकर्ता, पर्यावरण प्रेमी तथा स्थानीय नागरिकों की सहभागिता पर जोर दिया देते हुए कहा कि इसके माध्यम से नदी में गंदगी और प्रदूषण रोकने, जलस्रोतों के संरक्षण, घाटों की स्वच्छता तथा यमुना के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया जाएगा। गौसेवा आयोग के अध्यक्ष श्याम बिहारी गुप्ता ने जल संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ते हुए लोगों से इस अभियान में सहयोग करने की अपील की गई है। नदियों का संरक्षण
केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी।यमुना नदी के किनारे बसे कालपी जैसे नगरों के लिए भी यह अभियान महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यमुना को स्वच्छ और प्रदूषणमुक्त बनाए रखने के लिए स्थानीय नागरिकों की सहभागिता आवश्यक है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि तथा मध्य प्रदेश शासन के पुलिस महानिदेशक रेलवे राजा बाबू सिंह ने नदियों की ऐतिहासिकता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि
यमुना नदी भारतीय संस्कृति, सभ्यता और आस्था की प्रमुख धरोहरों में शामिल है। हिमालय के यमुनोत्री ग्लेशियर से निकलकर उत्तराखंड, हरियाणा और उत्तर प्रदेश से गुजरने वाली यमुना नदी प्रयागराज में गंगा से मिलती है। हजारों वर्षों से यमुना के किनारे अनेक सभ्यताओं, नगरों और सांस्कृतिक परंपराओं का विकास हुआ है। मथुरा, वृंदावन, आगरा, इटावा, कालपी और प्रयागराज जैसे ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व वाले नगरों का यमुना से गहरा संबंध रहा है।भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं से लेकर संतों, कवियों और भक्तों की रचनाओं तक यमुना का भारतीय जनमानस में विशेष स्थान रहा है। हमारे त्योहार, परंपराएं, लोकगीत और जीवनशैली भी यमुना से जुड़ी हुई हैं। लेकिन वर्तमान समय में यह जीवनदायिनी नदी अनेक गंभीर चुनौतियों का सामना कर रही है।
यमुना में बढ़ते प्रदूषण का असर केवल नदी के पानी तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका सीधा प्रभाव मानव स्वास्थ्य, खेती, पशुओं और पर्यावरण पर भी पड़ता है। प्रदूषित जल से पक्षियों और अन्य जलीय जीवों का जीवन संकट में पड़ रहा है। यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो आने वाली पीढ़ियों को इसके गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं।
जिलाधिकारी समीर ने मतदाता दिवस पर जागरूक करके भाषण की शुरुआत करके बताया कि यमुना नदी को स्वच्छ और निर्मल बनाए रखना केवल सरकार या किसी एक संस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है। नालों के पानी का शोधन सुनिश्चित किया जाना चाहिए तथा नदी के किनारों पर अतिक्रमण रोकने के साथ प्राकृतिक जल प्रवाह को बनाए रखने के प्रयास होने चाहिये ।यमुना तटवर्ती क्षेत्रों के नागरिकों को भी नदी की स्वच्छता और संरक्षण के प्रति जागरूक होने की आवश्यकता है। जनसहभागिता, प्रशासनिक प्रयास और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी से ही यमुना को प्रदूषण मुक्त बनाने का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
समापन भाषण करते हुए पूर्व विधायक नरेंद्र सिंह जादौन ने कहा कि आज आवश्यकता इस बात की है कि हम यमुना को केवल आस्था का प्रतीक मानकर उसकी पूजा ही न करें, बल्कि उसे स्वच्छ, निर्मल और अविरल बनाए रखने का संकल्प भी लें। क्योंकि यमुना का संरक्षण केवल एक नदी को बचाना नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, प्रकृति और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को सुरक्षित करना है।इस मौके पर ऋषभ देव जी महाराज, योग शिक्षिका रजनी पाल, उषा शुक्ला, ज्योति विश्वकर्मा,करने सिंह परासन, काउंसलर अंतिमा झा ने प्रकाश डाला। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों में मुख्य रूप से उपजिलाधिकारी विनय कुमार मौर्य,सीओ सदा नन्द सिंह, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार सिंह,वरिष्ठ भाजपा नेता अशोक बाजपेई, राठौर समाज की पूर्व जिला अध्यक्ष अरविंद राठौर, भाजपा नगर अध्यक्ष सुबोध द्विवेदी, अनुज वर्मा, राजेश द्विवेदी, वीरपाल सिंह चौहान, अमित पांडे, वैभव बिश्नोई, अरविंद निषाद, देवेंद्र गुप्ता, डिस्ट्रिक्ट प्रेस क्लब कालपी तहसील अध्यक्ष सलीम अंसारी, महामंत्री, अमित कुमार यादव, अमीर हसन, रविंद्र सिंह, विशाल सिंह चौहान, अतुल बड़ेरिया ,शशिकांत सिंह चौहान, देव पटेल, योगिनी रजनी पाल, ज्योति विश्वकर्मा सभासद, उषा शुक्ला, ताहर सिंह, गणेशदत्त मोनस, सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।
फोटो : जल सहेली कार्यक्रम में सहभागिता करते गणमान्य नागरिक
