40,615 के लक्ष्य के सापेक्ष 40,837 किशोरियों को लगी एचपीवी वैक्सीन
रायबरेली, 17 सितंबर 2026। 14 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव के लिए जनपद में फरवरी माह से शुरू किए गए एचपीवी टीकाकरण अभियान में लक्ष्य से अधिक उपलब्धि हासिल की गई है। जनपद में निर्धारित 40,615 किशोरियों के लक्ष्य के सापेक्ष 40,837 किशोरियों का टीकाकरण किया जा चुका है, जो लक्ष्य का 100.5 प्रतिशत है।
जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने इस उपलब्धि के लिए स्वास्थ्य विभाग को बधाई देते हुए कहा कि यह स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं स्वास्थ्यकर्मियों के साथ शिक्षा, आईसीडीएस तथा अन्य विभागों के समन्वित प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय और प्रभावी कार्ययोजना को दर्शाती है। किशोरियों को एचपीवी संक्रमण से बचाव और भविष्य में सर्वाइकल कैंसर के जोखिम को कम करने की दिशा में एचपीवी टीकाकरण महत्वपूर्ण कदम है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार शुक्ला ने बताया कि निर्धारित लक्ष्य से अधिक टीकाकरण स्वास्थ्य विभाग की टीमों की सक्रिय भागीदारी का परिणाम है। स्वास्थ्यकर्मियों ने स्कूलों और स्वास्थ्य केंद्रों के माध्यम से किशोरियों तक पहुंच बनाई। आशा और एएनएम की सक्रिय भूमिका से समुदाय में टीकाकरण के प्रति जागरूकता बढ़ी और अभिभावकों का सहयोग मिला। उन्होंने कहा कि किशोरियों और अभिभावकों को एचपीवी टीके के महत्व के बारे में जागरूक करने का कार्य आगे भी जारी रहेगा।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा अरुण कुमार ने बताया कि जनपद में कुल 5,652 टीकाकरण सत्र आयोजित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, जिसके सापेक्ष 5,466 सत्र आयोजित किए गए। इन सत्रों के माध्यम से निर्धारित लक्ष्य का 100.5 प्रतिशत टीकाकरण पूरा किया गया। जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी डी एस अस्थाना ने बताया कि
फरवरी माह में एचपीवी टीकाकरण अभियान तीन माह के लिए शुरू किया गया था। अभियान की अवधि पूरी होने के बाद अब एचपीवी वैक्सीन सभी स्वास्थ्य इकाइयों पर नियमित टीकाकरण प्लेटफॉर्म के माध्यम से उपलब्ध है। 14 वर्ष आयु वर्ग की पात्र किशोरियों को निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार यह टीका लगाया जा सकता है। एचपीवी टीकाकरण स्वैच्छिक है और टीकाकरण के दौरान निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन किया जाता है। जनपद में किए जा रहे एचपीवी टीकाकरण की निगरानी यू-विन पोर्टल के माध्यम से की जा रही है।
