रायबरेली, 16 सितंबर 2026 राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम (एनटीईपी) के तहत जनपद में टीबी मरीजों के नोटिफिकेशन में 85.5 प्रतिशत उपलब्धि हासिल हुई है। निर्धारित 6,413 के लक्ष्य के सापेक्ष जनवरी से अब तक 5,482 टीबी मरीजों का नोटिफिकेशन किया जा चुका है। इनमें 1,758 मरीजों का नोटिफिकेशन निजी अस्पतालों के माध्यम से हुआ है। इससे निजी क्षेत्र में इलाज करा रहे मरीजों को भी एनटीईपी की सेवाओं से जोड़ने में मदद मिल रही है।
जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. अनुपम सिंह ने बताया कि अब तक 3,724 मरीजों का नोटिफिकेशन सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों के माध्यम से किया गया है, जो निर्धारित 4,350 के लक्ष्य का 85.6 प्रतिशत है। वहीं, निजी अस्पतालों द्वारा किए गए 1,758 नोटिफिकेशन निर्धारित 2,063 के लक्ष्य का 85.2 प्रतिशत हैं।
उन्होंने बताया कि निजी अस्पतालों में इलाज के लिए पहुंचने वाले संभावित टीबी मरीजों का समय पर नोटिफिकेशन होने से उन्हें कार्यक्रम के तहत जांच, इलाज और फॉलोअप सेवाओं से जोड़ा जा सकता है। इससे इलाज की निगरानी और सेवाओं की निरंतरता बनाए रखने में भी मदद मिलती है।
निजी स्वास्थ्य संस्थानों की भागीदारी को मजबूत करने के लिए उनके साथ नियमित बैठकें की जा रही हैं। इन बैठकों में नोटिफिकेशन प्रक्रिया को सुचारु बनाने और कार्यक्रम से जुड़े प्रावधानों के बारे में आवश्यक जानकारी साझा की जा रही है। जिला क्षय रोग अधिकारी ने निजी स्वास्थ्य संस्थानों से अपील की कि संभावित टीबी मरीजों की पहचान होने पर उनका समय से नोटिफिकेशन सुनिश्चित करें। साथ ही, उन्होंने शैक्षणिक एवं औद्योगिक संस्थानों और समाज के संभ्रांत व्यक्तियों से टीबी मरीजों को गोद लेने की भी अपील की।
बॉक्स
प्रभारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार शुक्ला ने कहा कि
“टीबी उन्मूलन के लक्ष्य को हासिल करने के लिए सरकारी और निजी स्वास्थ्य संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। निजी अस्पतालों में इलाज के लिए आने वाले टीबी के संभावित मरीजों को समय पर जांच और उपचार की समुचित सेवाओं से जोड़ना हमारी प्राथमिकता है। इसके लिए निजी स्वास्थ्य संस्थानों के साथ समन्वय को लगातार मजबूत किया जा रहा है, ताकि मरीजों को सेवाएं समय पर मिलें और उनका उपचार पूरा हो।”

जिला स्वास्थ्य शिक्षा एवं सूचना अधिकारी डी.एस.अस्थाना ने बताया टीबी के लकसहन दिखने पर निकटतम स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर जांच कराएं | टीबी की जांच और इलाज सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर निःशुल्क उपलब्ध है | टीबी के लक्षण हैं –
• दो सप्ताह या उससे अधिक समय से खांसी
• बलगम के साथ खून आना |
• बुखार |
• सीने में दर्द |
• लगातार वजन कम होना |
• रात में पसीना आना |
• गले में गांठ होना |
• भूख न लगना |
