Loading market...

मंदिर में चोरी के तीन आरोपी पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

 

 

एक बदमाश गोली लगने से घायल, पीतल के घंटे, 12 हजार की नकदी, तमंचा व बाइक बरामद

 

जिला संवाददाता अमित गुप्ता

कालपी, (जालौन)

 

कालपी/ जालौन स्थानीय कोतवाली पुलिस तथा एसओजी टीम ने संयुक्त कार्यवाही करते हुए मंदिर चोरी की घटना का खुलासा कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक 25/26 सितंबर की मध्यरात्रि हरकूपुर गांव की मोड़ के पास बदमाशों से मुठभेड़ हुई। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्यवाही में एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मंदिर से चोरी किया गया पीतल का घंटा, 12 हजार रुपये की नकदी, तमंचा तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद करने का दावा किया है।

पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक अजय वृम्ह तिवारी के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस, एसओजी टीम तथा ज्ञान भारती चौकी इंचार्ज विपिन कुमार पुलिस के जवान बदमाशों की तलाश में जुटी थी। पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली कि उसरगांव स्थित मंदिर में चोरी करने वाले आरोपी हरकूपुर गांव की मोड़ के पास संदिग्ध अवस्था में मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।

पुलिस टीम ने बदमाशों को रुकने के लिए ललकारा तो उन्होंने पुलिसकर्मियों पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्यवाही में आरोपी संदीप कुमार निवासी ग्राम गौर, भोगनीपुर, कानपुर देहात गोली लगने से घायल हो गया। तथा बलराम निवासी ग्राम गौर थाना भोगनीपुर कानपुर देहात व लाल उर्फ लाल चंद्र निवासी ग्राम अंडवा थाना बरौर कानपुर देहात को पुलिस ने घेराबंदी करके तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

 

16/17 सितंबर की रात हुई थी मंदिर में चोरी पुलिस के मुताबिक ग्राम उसरगांव स्थित देवपुर माता मंदिर में 16/17 सितंबर की रात अज्ञात चोरों ने धावा बोल दिया था। चोर मंदिर से पीतल के करीब 10 से 12 घंटे चोरी कर ले गए थे, जिनका कुल वजन लगभग 150 किलोग्राम बताया गया है। इसके अलावा दानपात्र से करीब 8 से 10 हजार रुपये तथा बक्से में रखी लगभग 25 हजार रुपये की नकदी भी चोरी होने की बात सामने आई थी। ग्राम उसरगांव निवासी वादी अनुराग तिवारी की तहरीर पर कोतवाली कालपी में मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके बाद पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में जुटी थी।

घटना का अनावरण करते हुये अपर पुलिस अधीक्षक डॉ ईशान सोनी आईपीएस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी सीमावर्ती कानपुर देहात क्षेत्र के रहने वाले हैं। पूछताछ में सामने आया कि मंदिर से चोरी करने के बाद आरोपियों ने पीतल के घंटे समेत अन्य सामान को हरकूपुर गांव की मोड़ के पास जमीन के नीचे छिपा दिया था। पुलिस के अनुसार आरोपी रात में चोरी का सामान निकालने पहुंचे थे, तभी पुलिस टीम ने उन्हें घेर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का पीतल का घंटा, 12 हजार रुपये नकद, तमंचा व कारतूस तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस मामले में अन्य बरामदगी और आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने चोरी के पीतल के घंटे समेत अन्य सामान को हरकूपुर गांव की मोड़ के पास जमीन में छिपा दिया था। सामान निकालने पहुंचे आरोपियों को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया।

Leave a Reply