जिला संवाददाता अमित गुप्ता
कालपी, जालौन
कालपी/जालौन लगातार दो दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश और तेज हवाओं से क्षेत्र में फसलों को हुए नुकसान की हकीकत परखने के लिए शनिवार को अपर जिलाधिकारी न्यायिक शत्रुघ्न पाठक ने राजस्व अधिकारियों के साथ कई गांवों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने प्रभावित खेतों में पहुंचकर फसलों की स्थिति देखी और किसानों से संवाद कर नुकसान की जानकारी ली।
उल्लेखनीय हो कि 24/25 सितंबर की रात से झमाझम बारिश और तेज हवाओं का सिलसिला शुरू हुआ, जो शनिवार तक कालपी एवं आसपास के क्षेत्रों में जारी रहा। लगातार बारिश के कारण तिली, ज्वार, बाजरा समेत अन्य फसलों को काफी नुकसान पहुंचा है। खेतों में खड़ी फसलें बारिश और तेज हवाओं की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गईं।
फसल क्षति का जायजा लेने के लिए अपर जिलाधिकारी न्यायिक शत्रुघ्न पाठक, उपजिलाधिकारी विनय कुमार मौर्य, नायब तहसीलदार मुकेश कुमार, राजस्व निरीक्षक हरेंद्र सिंह सेंगर, प्रमोद दुबे सहित राजस्व कर्मियों ने काशीखेड़ा, जोल्हूपुर, रायड़ दिवारा, घासियारेपुरा, चाहीपुर आदि गांवों का भ्रमण किया।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी ने राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए कि बारिश से जहां-जहां फसलों को नुकसान हुआ है, वहां शीघ्र सर्वे कर क्षति की रिपोर्ट तैयार की जाए और जिला प्रशासन को भेजी जाए, ताकि प्रभावित किसानों को शासन स्तर से मिलने वाली सहायता समय से उपलब्ध कराई जा सके।भ्रमण के दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों से संवाद स्थापित कर बारिश से हुए नुकसान की जानकारी ली तथा राजस्व कर्मियों को मौके पर वास्तविक स्थिति दर्ज करने के निर्देश दिए।
