जिला संवाददाता अमित गुप्ता
कालपी (जालौन)
कालपी/ जालौन आगामी चुनाव को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने की तैयारियों को लेकर पुलिस प्रशासन ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सभी थानेदार एवं पुलिस कर्मी अपने-अपने थाना क्षेत्रों में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करें। कानून-व्यवस्था के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
शनिवार को स्थानीय कोतवाली के सभागार में आयोजित बैठक में पुलिस अधीक्षक ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि आगामी चुनाव को देखते हुए सभी पुलिस कर्मी पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें। अपने-अपने क्षेत्रों में संवेदनशील स्थानों और गांवों पर विशेष निगरानी रखी जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अवांछनीय गतिविधि को समय रहते रोका जा सके।
उन्होंने निर्देश दिए कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार भ्रमण किया जाए तथा आम नागरिकों से संवाद स्थापित कर कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाया जाए। चुनाव के दौरान माहौल बिगाड़ने, अफवाह फैलाने अथवा शांति भंग करने का प्रयास करने वाले अराजक तत्वों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई की जाए।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस की जिम्मेदारी केवल घटनाओं के बाद कार्रवाई करना ही नहीं, बल्कि अपराध एवं विवादों को रोकने के लिए पहले से सतर्क रहना भी है। सभी थाना प्रभारी अपने क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाएं तथा संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखें।उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाए।
फोटो – पुलिस कर्मियों को हिदायत देते पुलिस अधीक्षक
