जिला संवाददाता अमित गुप्ता
कालपी (जालौन)
कालपी/जालौन स्थानीय कोतवाली कालपी के सभागार में शनिवार को मंडलायुक्त कृष्ण कुमार की अध्यक्षता में थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत सहित जनपद एवं तहसील स्तरीय अधिकारियों की मौजूदगी में फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया। समाधान दिवस में कुल छह शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से दो शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष चार मामलों के निस्तारण के लिए पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीमों को मौके पर भेजा गया।
समाधान दिवस में पहुंचे फरियादियों ने कमिश्नर के समक्ष भूमि विवाद, राजस्व संबंधी समस्याओं एवं अन्य शिकायतों को लेकर अपने-अपने प्रार्थना पत्र अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किए। मंडलायुक्त कृष्ण कुमार ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जन शिकायतों का निस्तारण पूरी गंभीरता, पारदर्शिता एवं समयबद्ध तरीके से किया जाए। उन्होंने कहा कि फरियादियों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और प्रत्येक शिकायत पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाकर विवादों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए। साथ ही मौके पर भेजी जाने वाली टीमों को शिकायतों की वास्तविक स्थिति की जांच कर निष्पक्ष रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी न्यायिक शत्रुघ्न पाठक, उपजिलाधिकारी विनय कुमार मौर्य, अतिरिक्त एसडीएम विनय उपाध्याय, क्षेत्राधिकारी सदानंद सिंह, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी राम अचल कुरील, खंड विकास अधिकारी संदीप मिश्रा सहित पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
