जिला संवाददाता अमित गुप्ता
कालपी (जालौन)
कालपी /जालौन राठौर समाज सेवा मंडल के तत्वावधान में जीवनसाथी सम्मान समारोह-2026 का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में कालपी क्षेत्र के दर्जनों दंपतियों को सम्मानित कर उनके सुखद एवं सफल दांपत्य जीवन के लिए शुभकामनाएं दी गईं। कार्यक्रम के दौरान समाज के लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।
उरई के एक सभागार में आयोजित समारोह में संस्थापक एवं जिला राठौर समाज के वर्तमान जिला अध्यक्ष अरविंद सिंह राठौर ने कहा कि जीवनसाथी सम्मान समारोह समाज में पति-पत्नी के रिश्ते के प्रति सम्मान और गौरव की भावना को मजबूत करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि दांपत्य जीवन केवल दो व्यक्तियों का संबंध नहीं, बल्कि दो परिवारों के बीच प्रेम, विश्वास और आपसी सहयोग का मजबूत आधार होता है।
उन्होंने कहा कि समाज द्वारा प्रत्येक वर्ष इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाने से आपसी मेलजोल बढ़ता है और समाज के परिवार एक-दूसरे के सुख-दुख में सहभागी बनते हैं। ऐसे आयोजनों से सामाजिक एकजुटता मजबूत होने के साथ ही परिवारों में प्रेम, सदभाव और भाईचारे की भावना को भी बढ़ावा मिलता है।
समारोह के दौरान सम्मानित दंपतियों को स्मृति चिह्न एवं सम्मान प्रदान किया गया। सम्मान प्राप्त करने वाले दंपतियों में कार्यक्रम को लेकर उत्साह दिखाई दिया। उपस्थित लोगों ने भी तालियों के साथ उनका अभिनंदन किया।कार्यक्रम संयोजक कमलेश सिंह राठौडर ने समारोह में उपस्थित समाज के लोगों, दंपतियों, महिला सेवा मंडल की पदाधिकारियों तथा आयोजन में सहयोग करने वाले सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समाज के लोगों के सामूहिक सहयोग और सहभागिता से ही इस प्रकार के आयोजन सफल होते हैं।
समारोह में महिला सेवा मंडल की पदाधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में महिलाओं एवं समाज के पुरुष सदस्यों ने सक्रिय सहयोग किया। कार्यक्रम के दौरान सामाजिक एकता, पारिवारिक प्रेम और आपसी सहयोग को मजबूत करने पर जोर दिया गया।
समारोह में शामिल समाज के लोगों ने भविष्य में भी इस तरह के आयोजन निरंतर कराए जाने की आवश्यकता जताई। आयोजन के दौरान सभागार में उत्साहपूर्ण माहौल बना रहा और लोगों ने एक-दूसरे से मुलाकात कर सामाजिक रिश्तों को मजबूत किया।
फोटो— जीवनसाथी सम्मान समारोह में शामिल दंपति एवं समाज के पदाधिकारी।
