कोंच (जालौन) मेडिकल स्टोरों पर नशीली एवं नकली दवाओं की बिक्री की शिकायतों को लेकर शुक्रवार को औषधि विभाग ने नगर में छापेमारी की। ड्रग इंस्पेक्टर रेखा सचान ने आकांक्षा मेडिकल स्टोर पर पहुंचकर दवाओं के स्टॉक और अभिलेखों की जांच की। इस दौरान दुकान पर कई ऐसी दवाएं मिलीं, जिनका विवरण स्टॉक रजिस्टर में दर्ज नहीं था। जांच में 60 से अधिक नींद की गोलियां, खांसी के सिरप की 10 से अधिक शीशियां और गर्भपात से संबंधित दवाओं के पांच डिब्बे मिले।
गौरतलब है कि नगर के मोहल्ला जवाहर नगर निवासी नरेंद्र कुमार अग्रवाल ने कुछ दिनों पूर्व शिकायत दर्ज कराई थी कि आकांक्षा मेडिकल स्टोर से खरीदी गई दवा का सेवन करने के बाद उनकी आंखों की रोशनी और सुनने की क्षमता प्रभावित हो गई थी। शिकायतकर्ता ने नगर के अन्य मेडिकल स्टोरों पर भी नशीली एवं नकली दवाओं की बिक्री किए जाने के आरोप लगाए थे।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए शुक्रवार को जनपद की औषधि निरीक्षक रेखा सचान मेडिकल स्टोर पहुंचीं। उन्होंने दुकान में रखी दवाओं की जांच की तो कई अनियमितताएं सामने आईं। निरीक्षण के दौरान गार्डिनल खांसी के सिरप की 10 से अधिक शीशियां, नींद की 60 से अधिक गोलियां और गर्भपात से संबंधित दवाओं के पांच डिब्बे मिले। इन दवाओं का दुकानदार के पास स्टॉक संबंधी रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं था।
औषधि निरीक्षक ने बताया कि अन्य दवाओं के साथ एजी पंच-250 एवं निसिप टैबलेट के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। दवाओं का स्टॉक रजिस्टर में अंकन न होने पर मेडिकल स्टोर संचालक किशन को 15 दिनों का नोटिस जारी किया गया है। निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
