जिला संवाददाता अमित गुप्ता
कालपी (जालौन)।
कालपी/ जालौन भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत चलाए जा रहे विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने के लिए कालपी तहसील प्रशासन पूरी सक्रियता के साथ जुटा हुआ है। उपजिलाधिकारी विनय कुमार मौर्य के नेतृत्व में राजस्व विभाग के अधिकारियों एवं संबंधित कर्मचारियों द्वारा मतदाता सूची को शुद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आगामी 28 एवं 29 नवंबर को बूथ स्तर पर आयोजित होने वाले विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान की तैयारियों को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
वुधवार को आयोजित बैठक में तहसीलदार आदित्य विशाल, नायब तहसीलदार प्रिंस सिंह राजपूत, सूर्यकुमार तथा मतदाता पंजीकरण केंद्र प्रभारी शशांक कुमार विश्वकर्मा सहित संबन्धित अधिकारी मौजूद रहे। बैठक की अध्यक्षता करते हुए एसडीएम विनय कुमार मौर्य ने कहा कि मतदाता सूची में प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम शामिल होना लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इसलिए पुनरीक्षण अभियान के दौरान सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी जिम्मेदारी, निष्पक्षता और ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
उन्होंने विशेष रूप से नए पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने पर जोर दिया। इसके लिए प्रपत्र संख्या-6 के माध्यम से नए मतदाताओं के पंजीकरण की प्रक्रिया को तेजी से पूरा कराने के निर्देश दिए। वहीं मतदाता सूची में दर्ज अपात्र एवं मृतक व्यक्तियों के नाम हटाने के लिए प्रपत्र संख्या-7 तथा मतदाता सूची में संशोधन एवं अन्य निर्धारित प्रक्रियाओं के लिए प्रपत्र संख्या-8 के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी गई।तहसील सभागार में आयोजित सुपरवाइजरों की बैठक में अधिकारियों ने कहा कि 28 और 29 नवंबर को बूथ स्तर पर विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान संबन्धित बूथों पर मतदाताओं को जागरूक करने के साथ ही पात्र नागरिकों से आवश्यक आवेदन प्राप्त किए जाएंगे। विशेष रूप से 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित करने पर बल दिया गया।बैठक में 38 सुपरवाइजरों ने सहभागिता की। अधिकारियों ने सभी सुपरवाइजरों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में बूथ स्तर पर अभियान की तैयारियां समय से पूरी कर लें तथा बीएलओ के कार्यों की निगरानी करते हुए मतदाता पुनरीक्षण से संबंधित सभी कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा कराएं। आगामी निर्वाचन प्रक्रिया से पहले मतदाता सूची में किसी प्रकार की त्रुटि न रहे और कोई भी पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न हो। बैठक में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अभियान की सफलता के लिए आपसी समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए गए।
फोटो – बैठक में मतदाता पुनरीक्षण अभियान की तैयारियों पर दिशा-निर्देश देते एसडीएम विनय कुमार मौर्य, साथ में तहसीलदार आदित्य विशाल एवं नायब तहसीलदार
