कालपी (जालौन) सोशल मीडिया पर जुआ खेलते हुए वीडियो वायरल होने के बाद कालपी पुलिस हरकत में आ गई। क्षेत्राधिकारी अवधेश कुमार सिंह के निर्देश पर कोतवाली कालपी नगर एवं क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर पुलिस ने आधा दर्जन से अधिक जुआरियों को गिरफ्तार किया है।
इस कार्रवाई से नगर में अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस को मुखबिर के माध्यम से सूचना मिली कि नगर व आसपास के क्षेत्रों में सार्वजनिक स्थानों पर हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेला जा रहा है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अजय ब्रह्म तिवारी के नेतृत्व में वरिष्ठ उपनिरीक्षक उदय प्रताप सिंह, रामगंज चौकी इंचार्ज विशाल भड़ाना, ज्ञान भारती चौकी इंचार्ज विपिन कुमार, उपनिरीक्षक देवेंद्र सिंह भदौरिया सहित सिपाही बिपलेंद कुमार, हनीफ शाह रंजीत कुमार आदि की अलग-अलग टीमें गठित की गईं।
पुलिस टीमों ने मोहल्ला रामगंज, काशीराम कॉलोनी तथा निकटवर्ती ग्राम सोहरापुर के सार्वजनिक स्थानों पर एक साथ छापेमारी की। मौके पर हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेल रहे आरोपियों को घेराबंदी कर दबोच लिया गया। पकड़े गए आरोपियों के पास से ताश की गड्डियां और नगदी बरामद की गई है। सभी के विरुद्ध जुआ अधिनियम के अंतर्गत विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को संज्ञान में लेते हुए यह कार्रवाई की गई है और आगे भी ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधी तत्वों में खलबली मच गई है।
