कालपी (जालौन) उपजिलाधिकारी मनोज कुमार सिंह ने तहसील कालपी क्षेत्र के मतदान बूथों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) और सुपरवाइजरों को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की जानकारी दी।
एसडीएम मनोज कुमार सिंह ने तहसीलदार अभिनव तिवारी, नायब तहसीलदार चंद्रमोहन शुक्ला और नायब तहसीलदार मुकेश कुमार के साथ कंपॉजिट उच्च प्राथमिक विद्यालय सदर बजार के बूथो का निरीक्षण किया और वहां मौजूद नागरिकों से संवाद भी किया। उन्होंने बताया कि प्रत्येक बीएलओ को अपने-अपने बूथों की मतदाता सूची की गहनता से जांच करनी होगी। इसमें मतदाताओं की आयु, नाम, लिंग, मकान नंबर, फोटो और पता जैसी जानकारियों का सत्यापन शामिल है। यदि किसी मतदाता के नाम या अन्य विवरण में कोई त्रुटि पाई जाती है, तो उसे फॉर्म 8 के माध्यम से सुधारने का अवसर प्रदान किया गया है। एसडीएम ने सभी बीएलओ को पात्र नए मतदाताओं को जोड़ने, नामों में संशोधन करने और दोहरे, मृतक या स्थानांतरित हो चुके मतदाताओं के नाम सूची से हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी बताया कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के तहत जो मतदाता अभी तक अनमैप्ड रह गए हैं, उन्हें घर-घर जाकर प्रिंटेड नोटिस तामील कराए जाएंगे। यह अभियान 5 मार्च तक जारी रहेगा।
