जालौन में भीषण सड़क हादसा, एक महिला की मौत, दर्जनभर यात्री घायल - Aaj Tak Media

जालौन में भीषण सड़क हादसा, एक महिला की मौत, दर्जनभर यात्री घायल

 

अखिलेश कुमार जिला ब्यूरो जालौन

 

उरई जालौन। एट कोतवाली क्षेत्र के उरई रोड स्थित हरदोई गूजर के पास शुक्रवार शाम एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जब तेज रफ्तार की एक प्राइवेट बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी खंती में पलट गई। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद बस का चालक और परिचालक मौके से फरार हो गए।

बताया जा रहा है कि प्राइवेट बस कोंच से उरई की ओर जा रही थी। अचानक नियंत्रण खोने के कारण बस सड़क किनारे पलट गई। घटना होते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने सभी घायलों को बाहर निकालकर प्राथमिक सहायता दी।सूचना मिलते ही एंबुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को जिला अस्पताल उरई में भर्ती कराया गया। वहीं पुलिस टीम भी घटनास्थल पर पहुंचकर हादसे की जांच में जुट गई है। पुलिस चालक-परिचालक की तलाश कर रही है तथा हादसे के कारणों का पता लगाने में लग गई है।स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क पर रफ्तार और लापरवाही का सिलसिला लगातार बढ़ रहा है, जिससे दुर्घटनाओं की संख्या बढ़ती जा रही है। फिलहाल पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply