अकोढ़ी कोठी पर यात्री प्रतीक्षालय न होने से स्कूली बच्चों समेत ग्रामीण बेहाल - Aaj Tak Media

अकोढ़ी कोठी पर यात्री प्रतीक्षालय न होने से स्कूली बच्चों समेत ग्रामीण बेहाल

 

अमित गुप्ता

उरई जालौन

 

उरई (जालौन) जालौन-उरई रोड स्थित अकोढ़ी कोठी पर यात्री प्रतीक्षालय न होने से रोजाना सफर करने वाले स्कूली बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी में जहां बच्चे तपती धूप में सड़क किनारे खड़े होकर बसों का इंतजार करने को मजबूर हैं, वहीं बारिश के दौरान उन्हें खुले आसमान के नीचे भीगते हुए सफर करना पड़ता है। स्थानीय लोगों में प्रशासन की अनदेखी को लेकर नाराजगी बढ़ती जा रही है। अकोढ़ी कोठी क्षेत्र का एक प्रमुख यातायात केंद्र है, जहां से हरकौती, गायर, खर्रा समेत कई गांवों के छात्र-छात्राएं प्रतिदिन स्कूल और कॉलेज जाने के लिए बसों का इंतजार करते हैं। लेकिन यहां यात्रियों के लिए न तो कोई प्रतीक्षालय है और न ही टीनशेड जैसी अस्थायी व्यवस्था। ऐसे में छोटे-छोटे बच्चे तेज धूप, लू और बारिश के बीच सड़क किनारे खड़े रहने को मजबूर हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार स्कूली बच्चे घंटों बस का इंतजार करते हैं। गर्मी में चिलचिलाती धूप के कारण बच्चों की तबीयत बिगड़ने का खतरा बना रहता है, जबकि बरसात में भीगकर स्कूल पहुंचने से उन्हें बीमारी का डर सताता है। महिलाओं और बुजुर्गों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्रियों की आवाजाही होने के बावजूद अब तक किसी जनप्रतिनिधि या प्रशासनिक अधिकारी ने इस ओर गंभीरता नहीं दिखाई। वर्षों से ग्रामीण यात्री प्रतीक्षालय बनवाने की मांग कर रहे हैं, लेकिन आज तक समस्या जस की तस बनी हुई है।ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से अकोढ़ी कोठी पर जल्द से जल्द यात्री प्रतीक्षालय निर्माण कराने की मांग की है, ताकि स्कूली बच्चों समेत आम यात्रियों को राहत मिल सके।

Leave a Reply