जिला संवाददाता अमित गुप्ता
कालपी (जालौन)
कालपी/ जालौन रविवार को वेदव्यास इंद्र क्रिकेट अकादमी द्वारा एमएसवी इंटर कॉलेज के मैदान में अंडर-14 जूनियर क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में वेदव्यास स्पीड ब्रेकर तथा वेदव्यास बाउंड्री बैरियर टीमों के बीच बेहद रोमांचक मुकाबला खेला गया।जो अंततः टाई पर समाप्त हुआ।
प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रमुख समाजसेवी परवेज कुरैशी एडवोकेट ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि छोटे कस्बों और ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है।आवश्यकता केवल उन्हें प्रशिक्षण देकर निखारने की है।क्रिकेट मैच में दोनों टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया। निर्धारित 25-25 ओवरों में दोनों टीमों ने 141-141 रन बनाए, जिसके चलते मुकाबला बराबरी पर छूटा। बाउंड्री बैरियर टीम की ओर से दिव्यास यादव ने शानदार 53 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली, जबकि स्पीड ब्रेकर की ओर से निकेत ने 27 रन बनाकर टीम को मजबूती प्रदान की।मैच में बेहतरीन गेंदबाजी का प्रदर्शन करते हुए कार्तिक गुप्ता ने 6 विकेट झटके और अपनी टीम को मुकाबला टाई कराने में अहम भूमिका निभाई। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
राजेश गौतम, बसपा नेता उजैफ दीवान सहित अन्य अतिथि मौजूद रहे। अकादमी की ओर से नवीन तिवारी एवं कोच कमल सैनी सहित खेल प्रेमी और अभिभावक उपस्थित रहे।
फोटो – खिलाड़ियों का परिचय प्राप्त करते मुख्य अतिथि परवेज कुरैशी व अन्य
