टायर चेक करते समय करंट से झुलसने पर सहचालक घायल मुख्य चालक पर मुकदमा दर्ज हुआ 

 

जिला संवाददाता अमित गुप्ता

कालपी (जालौन)।

 

कालपी/जालौन स्थानीय कोतवाली क्षेत्र में बीते सप्ताह हुए ट्रक हादसे के मामले में गंभीर रूप से बिजली करेंट से झुलसे सहचालक के भाई ने ट्रक के मुख्य चालक के विरुद्ध लापरवाही का मुकदमा दर्ज कराया है। चालक ने बिना बताए ट्रक आगे बढ़ा दिया, जिससे वाहन ऊपर से गुजर रही बिजली की लाइन की चपेट में आकर ट्रक में करंट दौड़ गया। फलस्वरूप हादसे में सहचालक गंभीर रूप से झुलस गया।

उक्त प्रकरण में कोतवाली कालपी में मुकदमा दर्ज कराते हुए उन्नाव जनपद के थाना दही क्षेत्र के ग्राम दुआ निवासी वादी अंकित पुत्र राकेश ने अवगत कराया है कि प्रार्थी का छोटा भाई अमित ट्रक पर चालक का कार्य करता था। 20 जुलाई 2026 को सुबह करीब 11 बजे ट्रक भोगनीपुर से बालू लेकर कदौरा डंम्प की ओर जा रहा था। उस समय ट्रक को मुख्य चालक आरोपी वीरेंद्र पुत्र रामशंकर निवासी बाबाखेड़ा, पोस्ट जलगांव, थाना अंचलगंज, जनपद उन्नाव चला रहा था।इसी दौरान हाईवे एक्सप्रेसवे ढाबा (पप्पू यादव) के पास चालक ने ट्रक सड़क किनारे रोककर अमित से टायर चेक करने को कहा। जब अमित टायर की जांच कर रहा था, तभी चालक वीरेंद्र ने बिना कोई आवाज दिए ट्रक आगे बढ़ा दिया। फलस्वरूप ट्रक ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार की चपेट में आ गया तथा पूरे वाहन में करंट दौड़ गया। करंट लगने से अमित गंभीर रूप से झुलस गया।

घायल अमित का उपचार उन्नाव में चल रहा है। पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली कालपी पुलिस ने आरोपी चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।

Leave a Reply