जिला संवाददाता अमित गुप्ता
कालपी जालौन
कालपी (जालौन) नवरात्रि एवं दुर्गापूजा पर्व को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। उपजिलाधिकारी विनय कुमार मौर्य ने नगर पालिका के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ नगर के प्रमुख धार्मिक स्थलों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने पचपिंडा देवी मंदिर, ठोड़ेश्वर मंदिर सहित अन्य धर्म स्थलों का निरीक्षण कर संम्बंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पर्वो को मनाने के लिए धर्म नगरी कालपी में भक्तों में खासा उत्साह रहता है। इसी को दृष्टिगत रखते हुये निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने मंदिर परिसरों तथा श्रद्धालुओं के आवागमन वाले मार्गों पर साफ-सफाई की स्थिति देखी। उन्होंने निर्देश दिए कि पर्व के दौरान मंदिरों में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं। मंदिर परिसरों और आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि रात के समय दर्शन-पूजन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
एसडीएम ने कहा कि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। इसके लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय बनाकर कार्य करें और व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रीय नागरिकों से संवाद भी किया।
नगर पालिका परिषद के अवर अभियंता प्रवीण कुमार मौर्य, निर्माण लिपिक सरफराज खान सहित संबंधित कर्मचारी मौजूद रहे।
फोटो – धर्म स्थलों का निरीक्षण करते एसडीएम
