जिला संवाददाता अमित गुप्ता
कालपी (जालौन)
कालपी/जालौन 220 कालपी विधानसभा क्षेत्र में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। सिटिंग विधायक विनोद चतुर्वेदी के 14 अक्टूबर को रायबरेली में भाजपा में शामिल होने की चर्चाओं के बीच कालपी सीट से भाजपा के टिकट को लेकर नए समीकरण बनने लगे हैं। उनके भाजपा में शामिल होने की संभावित घोषणा से पार्टी के अन्य दावेदारों के बीच हलचल बढ़ गई है। हालांकि, भाजपा की ओर से अभी टिकट को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि यदि विधायक विनोद चतुर्वेदी भाजपा में शामिल होते हैं, तो कालपी विधानसभा सीट से उनकी दावेदारी मजबूत हो सकती है। इसे देखते हुए लंबे समय से भाजपा के टिकट की उम्मीद लगाए बैठे नेताओं की राजनीतिक गतिविधियां भी बढ़ने की संभावना है। क्षेत्र में आगामी चुनाव को लेकर तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।
सपा से विधायक बने थे विनोद चतुर्वेदी
गौरतलब है कि वर्ष 2021में विनोद चतुर्वेदी समाजवादी पार्टी में शामिल हुए थे। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने उन्हें कालपी विधानसभा सीट से प्रत्याशी बनाया था। विनोद चतुर्वेदी ने चुनाव में जीत दर्ज कर विधानसभा में जगह बनाई। इसके बाद वर्ष 2024 में उनके सपा से मतभेद और बगावती रुख की चर्चाएं सामने आईं।
हाल ही में विधायक विनोद चतुर्वेदी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से तीन विधायकों के साथ मुलाकात की थी। इसके बाद उनके भाजपा में शामिल होने की अटकलों को और बल मिला। अब 14 अक्टूबर को रायबरेली में प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हैं। हालांकि, भाजपा में औपचारिक प्रवेश और टिकट का फैसला पार्टी की आधिकारिक घोषणा के बाद ही स्पष्ट होगा।
बसपा ने बीरपाल सिंह चौहान को बनाया प्रभारी
इधर, कालपी विधानसभा सीट पर अन्य दलों ने भी अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। बहुजन समाज पार्टी ने बीरपाल सिंह चौहान को विधानसभा क्षेत्र का प्रभारी/संभावित प्रत्याशी घोषित किया है। वहीं, समाजवादी पार्टी की ओर से पूर्व मंत्री श्रीरामपाल की दावेदारी भी मजबूत मानी जा रही है। इसी क्रम में रश्मि पाल तथा समर सिंह चौहान (गुड्डू महेवा) की भी दावेदारी समाजवादी पार्टी में तेज चल रही है।
ऐसे में कालपी विधानससभा सीट पर भाजपा, सपा और बसपा के संभावित प्रत्याशियों को लेकर राजनीतिक चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। भाजपा में विनोद चतुर्वेदी की संभावित एंट्री से टिकट के समीकरण बदलने की अटकलें लगाई जा रही हैं। वर्ष 2027 के चुनाव में किस दल से कौन मैदान में उतरेगा, यह तो आने वाला समय बताएगा, लेकिन फिलहाल कालपी की सियासत में चुनावी सरगर्मी बढ़ती दिखाई दे रही है।
फोटो – विधायक विनोद चतुर्वेदी, पूर्व मंत्री श्रीरामपाल और बसपा प्रभारी/संभावित प्रत्याशी वीरपाल सिंह चौहान।
