Loading market...

ठेके के पास संदिग्ध परिस्थितियों में मिला युवक, हुई मौत

 

कोंच (जालौन) कोतवाली क्षेत्र के ग्राम दिरावटी में 45 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह गांव में स्थित शराब के ठेके के पास पड़ा मिला। परिजन उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम तिवारी निवासी प्रताप अहिरवार मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। रविवार को भी वह मजदूरी करने गया था, लेकिन रात में घर वापस नहीं लौटा। सोमवार सुबह जब ग्रामीण टहलने के लिए निकले तो प्रताप गांव में स्थित शराब के ठेके के पास पड़ा मिला। इसकी जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक के भाई वीरपाल ने बताया कि प्रताप कुछ लोगों के साथ शराब पी रहा था। वह शराब पीने का आदी था। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

भेंड़ चौकी प्रभारी विनीत सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया अधिक शराब पीने के कारण मौत होने की आशंका है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply