कोंच (जालौन) तहसील कोंच में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में खराब मिठाई बेचने का मामला सामने आया है। पीड़ित अधिवक्ता ओमकार नाथ पाठक ने उपजिलाधिकारी अनीता देवी को शिकायती पत्र सौंपकर संबंधित मिठाई दुकानदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
अधिवक्ता ओमकार नाथ पाठक ने आरोप लगाया कि लवली चौराहे के पास स्थित ढपली मिष्ठान भंडार पर दुकानदार द्वारा उन्हें खराब मिठाई दी गई। जब उन्होंने इस संबंध में दुकानदार से शिकायत की तो उसने कथित तौर पर कहा कि खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों को महीने का पैसा दिया जाता है, इसलिए उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।
अधिवक्ता ने आरोप लगाया कि दुकानदार के इस रवैये से खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने एसडीएम से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर संबंधित दुकानदार के खिलाफ कार्रवाई कराने तथा खाद्य सुरक्षा विभाग की भूमिका की जांच कराने की मांग की है।
अब देखना होगा कि शिकायत के बाद प्रशासन और खाद्य सुरक्षा विभाग इस मामले में क्या कार्रवाई करते हैं।
