जिला संवाददाता अमित गुप्ता
कालपी (जालौन)
कालपी/ जालौन जल संस्थान द्वारा जलकर के बकायेदार उपभोक्ताओं को राहत प्रदान करने के उद्देश्य से ओटीएस वन टाइम सेटलमेंट योजना 2026 लागू की गई है। इस योजना के अंतर्गत जलकर एवं जल मूल्य के बकायेदारों को बकाया मूलधन जमा करने पर 100 प्रतिशत ब्याज एवं सरचार्ज में छूट प्रदान की जाएगी। योजना का लाभ सभी श्रेणी के उपभोक्ताओं को मिलेगा।
झांसी डिवीजन, जल संस्थान, शाखा कालपी के अवर अभियंता बासित अली ने बताया कि इस योजना का उद्देश्य लंबे समय से बकाया जलकर की वसूली के साथ उपभोक्ताओं को आर्थिक राहत देना है। योजना के तहत उपभोक्ता अपने बकाया जलकर एवं जल मूल्य का मूलधन एकमुश्त जमा कर अतिरिक्त ब्याज और सरचार्ज से बच सकते हैं।
आवेदन की अंतिम तिथि 14 नवंबर 2026 निर्धारित की गई थी, जबकि योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए अंतिम तिथि 15 दिसंबर 2026 निर्धारित की गई है। ऐसे में उपभोक्ताओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर अपना बकाया जमा कर योजना का लाभ लेने की अपील की गई है।
उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे अपने पुराने जलकर बकाये का निस्तारण कराएं और अनावश्यक ब्याज एवं सरचार्ज से बचें। साथ ही अवैध जल संयोजन का पंजीकरण कराकर नियमानुसार कनेक्शन लेने की सलाह दी गई है, जिससे जुर्माने से बचा जा सके।
जल संस्थान की ओर से संदेश दिया गया है कि ‘जल है तो कल है, जल बचाएं, जीवन बचाएं।
फोटो – जागरुकता करते अवर अभियंता बासित अली
