अमित गुप्ता
कालपी जालौन
कालपी (जालौन) तहसील कालपी क्षेत्र के ग्राम दादूपुर, ग्राम पंचायत कुआंखेड़ा की निवासी वंदना पत्नी राजकुमार ने जिलाधिकारी जालौन को प्रार्थना पत्र देकर प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत जारी पात्र लाभार्थियों की सूची में अनियमितता का आरोप लगाया है।
प्रार्थना पत्र में वंदना ने बताया कि उनके पति दिव्यांग हैं तथा वह प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पूर्व में जारी निर्बल वर्ग की पात्र सूची में क्रमांक 04 पर अंकित थीं। आरोप है कि ग्राम प्रधान एवं सचिव द्वारा पुरानी सूची को निरस्त कर नई सूची जारी की गई, जिसमें पात्र लाभार्थियों के नाम हटाकर अपात्र लोगों के नाम शामिल कर दिए गए हैं।
पीड़िता ने जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा पात्र लाभार्थियों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग की है। साथ ही उन्होंने कहा कि यदि जांच कराई जाए तो वास्तविक स्थिति सामने आ सकती है।
जिलाधिकारी से इस प्रकरण में सक्षम अधिकारी द्वारा जांच कराकर उचित कार्रवाई किए जाने की मांग की गई है।इस मौके पर प्रमुख रूप से राजकुमार, शिवराम, तिलक सिंह, विनोद कुमार, काशीप्रसाद, आशाराम, कुलदीप आदि मौजूद रहे।
