जिला संवाददाता अमित गुप्ता
कालपी, जालौन
कालपी/जालौन कालपी विधानसभा क्षेत्र की राजनीति में एक बार फिर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। पूर्व भाजपा विधायक एवं भाजपा के दो बार जिलाध्यक्ष रह चुके नरेंद्र सिंह जादौन के पारिवारिक समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पहुंचने के बाद स्थानीय सियासी गलियारों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। लखनऊ के ताज होटल में आयोजित पूर्व विधायक के पौत्र नीलेन्द्र सिंह जादौन की रिंग सेरेमनी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अलावा भाजपा के कई विधायक, वरिष्ठ नेता और शीर्ष अधिकारी भी मौजूद रहे।
पूर्व विधायक नरेंद्र सिंह जादौन के पौत्र नीलेन्द्र सिंह जादौन की रिंग सेरेमनी का भव्य आयोजन लखनऊ के ताज होटल में किया गया। समारोह पूरी तरह पारिवारिक आयोजन था, लेकिन इसमें प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पहुंचने से कार्यक्रम की चर्चा राजनीतिक हलकों में भी होने लगी। मुख्यमंत्री ने समारोह में पहुंचकर परिवार के सदस्यों से मुलाकात की तथा नवदंपती को आशीर्वाद दिया।
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व विधायक नरेंद्र सिंह जादौन से भी मुलाकात की। दोनों के बीच बातचीत हुई। मुख्यमंत्री और पूर्व विधायक की मुलाकात की तस्वीर सामने आने के बाद 220 कालपी विधानसभा क्षेत्र के राजनीतिक कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बीच चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
विदित हो कि नरेंद्र सिंह जादौन कालपी विधानसभा क्षेत्र से 2017 में भाजपा के विधायक रह चुके हैं और संगठन में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं। वह भाजपा के जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी भी दो बार निभा चुके हैं।
हालांकि, मुख्यमंत्री और पूर्व विधायक के बीच हुई बातचीत का विषय सार्वजनिक नहीं हुआ है और न ही इस मुलाकात को लेकर कोई राजनीतिक घोषणा सामने आई है। इसलिए इस मुलाकात को लेकर चल रही चर्चाओं को फिलहाल राजनीतिक कयासों के रूप में ही देखा जा रहा।
विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक गतिविधियां धीरे-धीरे जोर पकड़ रही हैं। कालपी विधानसभा क्षेत्र में भी विभिन्न राजनीतिक दलों की गतिविधियां बढ़ रही हैं तथा संभावित राजनीतिक समीकरणों को लेकर कार्यकर्ताओं के बीच चर्चाएं शुरू हो चुकी हैं।
ऐसे समय में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पूर्व विधायक नरेंद्र सिंह जादौन के पारिवारिक कार्यक्रम में पहुंचना स्थानीय राजनीति में चर्चा का विषय बन गया है।
भाजपा के पुराने नेताओं में शुमार नरेंद्र सिंह जादौन की क्षेत्रीय राजनीति में लंबे समय से सक्रिय भूमिका रही है। विधायक और जिलाध्यक्ष के रूप में उनकी राजनीतिक पृष्ठभूमि को देखते हुए मुख्यमंत्री के साथ उनकी मुलाकात को लेकर समर्थकों और राजनीतिक कार्यकर्ताओं में उत्सुकता दिखाई दे रही है।
पारिवारिक समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पूर्व विधायक नरेंद्र सिंह जादौन की मुलाकात ने 220 कालपी विधानसभा क्षेत्र की राजनीति में चर्चा शुरू हो गई है।
फोटो – लखनऊ में पारिवारिक समारोह में पूर्व विधायक जादौन के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
