Loading market...

मंडी शुल्क चोरी करने पर 4 मालवाहक वाहन पकड़े

 

जिला संवाददाता अमित गुप्ता

कालपी (जालौन)

 

कालपी/ जालौन मंडी शुल्क की चोरी तथा राजस्व में अनियमितता रोकने के लिए कृषि उत्पादन मंडी समिति कालपी ने प्रवर्तन कार्यवाही तेज कर दी है। सचिव एवं प्रवर्तन दल प्रभारी सतीश चंद्र के नेतृत्व में टीम ने विभिन्न मार्गों पर सघन जांच अभियान चलाकर चार मालवाहक वाहनों को पकड़ लिया। कार्यवाही के दौरान संबंधित व्यापारियों और वाहन संचालकों से मंडी शुल्क समेत अन्य देय मदों में 1.85 लाख रुपये से अधिक की धनराशि वसूल की गई। इस कार्रवाई से कृषि उपज का परिवहन करने वाले व्यापारियों तथा वाहन संचालकों में हड़कंप मचा रहा।

 

विदित हो कि मंडी समिति की टीम ने चैकिंग के दौरान नासिक से कानपुर की ओर जा रहे मालवाहक वाहनों में लदी कृषि उपज टमाटर आदि सामाग्रियों से संबन्धित अभिलेखों तथा मंडी शुल्क आदि की जानकारी की। अनियमितता मिलने पर संबन्धित वाहनों के विरुद्ध कार्यवाही करते हुए देय धनराशि की वसूली की गई। प्रवर्तन दल में मनोज कुमार, शिवा सहित अन्य कर्मचारी शामिल रहे।मंडी सचिव सतीश चंद्र ने बताया कि शासन एवं संभागीय कृषि उप निदेशक संजय कुमार सिंह के निर्देश पर मंडी शुल्क की शत-प्रतिशत वसूली सुनिश्चित करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने व्यापारियों और वाहन संचालकों से कृषि उपज के परिवहन के दौरान आवश्यक अभिलेख साथ रखने तथा मंडी समिति के नियमों का पालन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि राजस्व चोरी रोकने के लिए आगे भी विभिन्न मार्गों पर वाहनों की जांच जारी रहेगी।

 

Leave a Reply