Loading market...

मत्स्य समिति के सदस्यों के साथ की मारपीट, रंगदारी करने का लगाया आरोप

 

कोंच (जालौन) कुछ लोगों की दबंगई से परेशान मत्स्य जीवी सहकारी समिति लिमिटेड कैलिया बड़ी के सदस्य ग्राम चांदनी स्थित तालाब से मछली नहीं पकड़ पा रहे हैं। समिति के सदस्यों का आरोप है कि जब भी वे तालाब से मछली पकड़ने पहुंचते हैं तो कुछ लोग वहां आकर रंगदारी मांगते हैं और विरोध करने पर गाली-गलौज करते हुए मारपीट पर आमादा हो जाते हैं। रविवार को परेशान समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों ने कोतवाली पहुंचकर प्रभारी निरीक्षक को शिकायती पत्र सौंपा और आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

समिति के पदाधिकारियों के अनुसार वर्ष 2022 में नीलामी के दौरान ग्राम चांदनी स्थित गाटा संख्या 591, रकबा 4.209 हेक्टेयर का तालाब दस वर्षों के लिए समिति को आवंटित हुआ था। इसके बाद समिति के सदस्यों ने अपनी जमा पूंजी लगाकर तालाब में मछली के बच्चे डाले और उनका पालन-पोषण किया। अब मछलियां बड़ी हो चुकी हैं और उन्हें पकड़ने का समय आया है, लेकिन समिति के सदस्य ऐसा नहीं कर पा रहे हैं समिति का आरोप है कि पूर्व सदस्य हरिओम निवासी कैलिया बड़ी, जिसे आमसभा की बैठक में सर्वसम्मति से समिति से निष्कासित कर दिया गया था और मत्स्य विभाग के सहायक निदेशक की जांच में भी दोषी पाया गया था, अपने साथियों के साथ मिलकर समिति के सदस्यों को मछली पकड़ने से रोक रहा है। आरोप है कि विरोध करने पर उनके साथ अभद्रता और मारपीट की जाती है।

इससे परेशान होकर समिति अध्यक्ष गौरीशंकर, सचिव अरविंद, संतराम, रामनारायण, प्रभुदयाल सहित करीब एक दर्जन सदस्य रविवार को कोतवाली पहुंचे और प्रभारी निरीक्षक को शिकायती पत्र देकर आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की। इस संबंध में इंस्पेक्टर क्राइम अरुण कुमार ने बताया कि समिति के सदस्यों की शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply