जिला संवाददाता अमित गुप्ता
कालपी (जालौन)
कालपी/ जालौन आगामी चुनावों को लेकर मतदाताओं को इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) एवं वीवीपैट की कार्यप्रणाली से परिचित कराने के उद्देश्य से विधानसभा क्षेत्र 220 कालपी में ईवीएम प्रदर्शन केंद्र स्थापित किया गया है। उपजिलाधिकारी विनय कुमार मौर्य के निर्देश पर राजकीय आईटीआई के प्रशिक्षित शिक्षकों भोला प्रसाद तथा रनजीत सिंह की टीम के द्वारा अस्थाई केन्द्र में मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया की जानकारी देने के साथ ही मशीनों के संचालन एवं वोट डालने के तरीके को व्यावहारिक रूप से समझाने का कार्यक्रम चलाया जा रहा है।
निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत तहसील परिसर कालपी में स्थापित ईवीएम प्रदर्शन केंद्र में 20 नवम्बर को कंट्रोल यूनिट (सीयू), बैलेट यूनिट (बीयू) तथा वीवीपैट मशीन रखी गई हैं। प्रदर्शन के दौरान लोगों को बताया जाता है कि मतदान के समय बैलेट यूनिट पर उम्मीदवार के नाम एवं चुनाव चिह्न के सामने लगे बटन को दबाकर किस प्रकार अपना मत दर्ज किया जाता है। इसके साथ ही वीवीपैट मशीन के माध्यम से मतदाता यह भी देख सकता है कि उसका वोट किस उम्मीदवार के पक्ष में दर्ज हुआ है।
प्रदर्शन केंद्र में लगाए गए सूचना बोर्ड के माध्यम से ईवीएम की कार्यप्रणाली, वीवीपैट से मतदान की पुष्टि तथा नोटा (NOTA) के विकल्प के संबंध में भी जानकारी उपलब्ध कराई गई है। इसका उद्देश्य मतदाताओं के मन में ईवीएम को लेकर किसी प्रकार की भ्रांति या आशंका को दूर करना और मतदान प्रक्रिया के प्रति विश्वास एवं जागरूकता बढ़ाना है। एसडीएम विनय कुमार के साथ प्रशिक्षित शिक्षकों के द्वारा ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों का प्रदर्शन करते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान मशीनों के विभिन्न हिस्सों और उनके उपयोग की जानकारी भी दी जा रही है।
निर्वाचन आयोग की इस पहल से खासकर पहली बार मतदान करने वाले युवाओं तथा ऐसे मतदाताओं को लाभ मिल सकता है, जिन्हें ईवीएम से मतदान करने की प्रक्रिया की पूरी जानकारी नहीं है। लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए निष्पक्ष, पारदर्शी एवं जागरूक मतदान की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे में ईवीएम प्रदर्शन केंद्र मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करने की दिशा में उपयोगी पहल साबित हो सकता है।
फोटो- केन्द्र ईवीएम मशीन को दिखाते प्रशिक्षित शिक्षक
