मतदाता सूची शुद्धिकरण अभियान में प्रशासन सक्रिय - Aaj Tak Media

मतदाता सूची शुद्धिकरण अभियान में प्रशासन सक्रिय

 

कालपी (जालौन) विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाने के लिए प्रशासन ने अपनी सक्रियता तेज कर दी है। सोमवार को कालपी तहसील क्षेत्र में नोटिस प्राप्त मतदाताओं के मामलों की सुनवाई की गई, वहीं सहायक रिटर्निंग ऑफिसर/उपजिलाधिकारी मनोज कुमार सिंह ने तार्किक विसंगति वाले आधा दर्जन से अधिक मतदेय स्थलों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

तहसीलदार अभिनव कुमार तिवारी तथा नायब तहसीलदार चंद्र मोहन शुक्ला और मुकेश कुमार द्वारा एसआईआर के अंतर्गत नोटिस प्राप्त मतदाताओं की सुनवाई की गई। सुनवाई के दौरान बड़ी संख्या में मतदाता उपस्थित हुए और अपने-अपने अभिलेख प्रस्तुत कर आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया में भाग लिया। अधिकारियों ने सभी मामलों की गंभीरता से जांच कर आवश्यक निर्देश दिए।

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार 220 कालपी विधानसभा क्षेत्र में एसआईआर कार्यक्रम के तहत वर्ष 2003 की मतदाता सूची से संबंधित आवश्यक विवरण प्रस्तुत न किए जाने पर 25,033 मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए थे। इन मामलों के निस्तारण हेतु सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी स्तर पर नियमित सुनवाई की जा रही है, ताकि मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध और प्रमाणिक बनाया जा सके।

इसी क्रम में ईआरओ 220 कालपी/उपजिलाधिकारी मनोज कुमार सिंह ने नगर कालपी के उन मतदेय स्थलों का औचक निरीक्षण किया जहां लॉजिकल डिस्क्रेपेंसी पाई गई थी। उन्होंने मतदेय स्थल संख्या 299-300 (कृषि प्रसार कार्यालय कालपी), 301, 302, 303, 304 (कन्या उच्च प्राथमिक विद्यालय, सदर बाजार कालपी) तथा 309, 310, 311 (कन्या प्राथमिक विद्यालय, रामबाग कालपी) पहुंचकर अभिलेखों, बीएलओ की कार्यप्रणाली और व्यवस्थाओं की जांच की।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने मतदाताओं से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और मौके पर मौजूद बीएलओ को निर्देशित किया कि प्रत्येक नोटिसधारी मतदाता से समयबद्ध संपर्क कर आवश्यक दस्तावेज प्राप्त किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता लोकतांत्रिक प्रक्रिया की आधारशिला है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

प्रशासन की इस सक्रियता से एसआईआर अभियान को नई गति मिली है और क्षेत्र में पारदर्शी एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।

Leave a Reply