अमित गुप्ता
कालपी (जालौन)
कालपी/ जालौन आपातकालीन पुलिस सेवा डायल 112 पर लूट की झूठी सूचना देकर पुलिस को गुमराह करने पर स्थानीय कोतवाली की ज्ञान भारती चौकी इंचार्ज बिपिन कुमार ने जीजा-साले को गिरफ्तार कर चालान कर दिया। पुलिस को झूठी सूचना देने वाले लोगों में बेचैनी फैल गई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार 17 जून 2026 को अंशुल पुत्र अवध नरेश निवासी ग्राम अटरिया बाजा, थाना आटा ने डायल 112 पर सूचना दी थी कि वह मोटरसाइकिल से काशीखेड़ा-बनखंडी देवी मंदिर मार्ग से कालपी की ओर जा रहा था। इसी दौरान बाइक सवार दो अज्ञात व्यक्तियों ने उसकी जेब से 5 हजार रुपये लूट लिए।
सूचना मिलते ही कोतवाली कालपी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने अंशुल तथा उसके जीजा कुलदीप से पूछताछ में मामला संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस ने गहन पड़ताल की।
पुलिस की जांच में खुलासा हुआ कि कुलदीप ने अंशुल को डायल 112 पर 5 हजार रुपये एवं 250 ग्राम चांदी लूटे जाने की झूठी सूचना देने की सलाह दी, ताकि पुलिस तत्काल कार्रवाई करे। इसी सलाह पर अंशुल ने लूट की मनगढ़ंत कहानी बनाई। पुलिस ने आरोपीगणों कुलदीप निवासी ग्राम परासन तथा अंशुल निवासी ग्राम अटरिया बाजा, थाना आटा का सुसंगत धाराओं में चालान कर दिया। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कालपी अजय ब्रह्म तिवारी ने आमजन से अपील की है कि डायल 112 जैसी आपातकालीन सेवाओं का दुरुपयोग न करें।
फोटो – पुलिस गिरफ्त में आरोपी
