अमित गुप्ता
उरई जालौन
उरई (जालौन) जनपद में सुरक्षित एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने कोटरा-गुरसरांय मार्ग पर वेतवा पुल का संयुक्त स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पुल पर दो स्थानों पर गड्ढे पाए गए, जिस पर जिलाधिकारी ने सेतु निगम के अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए इसे गंभीर लापरवाही माना। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि तीन दिनों के भीतर दोनों स्थानों पर स्थायी एवं गुणवत्तापूर्ण मरम्मत कार्य पूर्ण कराया जाए। उन्होंने कहा कि यदि निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा नहीं हुआ अथवा कार्य की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं पाई गई तो संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।जिलाधिकारी ने कहा कि जनहित से जुड़े सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, जवाबदेही एवं समयबद्धता अनिवार्य है। सभी संबंधित विभाग नियमित निरीक्षण करते हुए छोटी से छोटी कमी का भी तत्काल निराकरण सुनिश्चित करें, जिससे आमजन को सुरक्षित एवं सुचारु आवागमन की सुविधा मिलती रहे। पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने निरीक्षण के दौरान यातायात सुरक्षा व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि मरम्मत कार्य के दौरान पर्याप्त बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेतक एवं यातायात नियंत्रण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
