जिला संवाददाता अमित गुप्ता
कालपी (जालौन)
कालपी /जालौन राजमार्ग पर गुजरने वाले वाहनों को रोककर रंगदारी मांगने वाले तीन आरोपियों को कालपी पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपियों पर एक पिकअप चालक से 10 हजार रुपए प्रतिमाह रंगदारी मांगने, जान से मारने की धमकी देने तथ मोबाइल छीनने का आरोप है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के जोल्हूपुर मोड़ ब्रिज के पास हुई घटना में कदौरा कस्बे के मोहल्ला पुरवा निवासी धर्मेंद्र पुत्र रामश्री ने कोतवाली कालपी में मुकदमा दर्ज कराते हुए अवगत कराया कि 4 अगस्त 2026 की रात करीब 1 बजे वह अपने मित्र अंकित कुमार के साथ पिकअप में केले लादकर उरई के कोल्ड स्टोर से मौदहा जा रहा था। तभी जोल्हूपुर मोड़ ब्रिज के पास एक कार से उतरे तीन युवकों ने उसकी गाड़ी रुकवाई। आरोपियों ने कहा कि यदि इस मार्ग पर वाहन चलाना है तो हर महीने 10 हजार रुपए रंगदारी देनी होगी। विरोध करने पर एक आरोपी ने तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और अपना नाम सत्यम ठाकुर बताया। रंगदारी न देने पर आरोपियों ने उसका मोबाइल भी छीन लिया और पैसे लेकर मोबाइल वापस लेने की बात कही। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अजय ब्रह्म तिवारी के निर्देशन में ज्ञान भारती चौकी प्रभारी विपिन कुमार,रंजीत सिंह तथा पुलिस टीम ने जांच शुरू की। गुरुवार को पुलिस ने घटना का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों सत्यम सिंह पुत्र कीरत सिंह, सनी कुमार पुत्र लखन तथा खेमचंद पुत्र सत्यदीन, निवासी ग्राम परासन, को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में कार्यवाही करते हुए न्यायालय में पेश कर चालान कर दिया।
फोटो – रंगदारी मांगने के मामले में गिरफ्तार तीनों आरोपी
