जिला संवाददाता अमित गुप्ता
कालपी (जालौन)
कालपी/जालौन नगर के अलग-अलग मोहल्लों में हुई चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए कालपी कोतवाली पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 2.72 लाख रुपये की नगदी तथा करीब 10 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात बरामद करने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक बरामदगी में चोरी गया शत-प्रतिशत माल शामिल है।
रविवार को कालपी कोतवाली सभागार में घटनाओं का अनावरण करते हुए आयोजित पत्रकार वार्ता में क्षेत्राधिकारी राजेश कमल ने बताया कि 3 अगस्त 2026 की रात मोहल्ला रामगंज निवासी सरमन के घर चोरी की घटना हुई थी। चोर घर से नगदी तथा सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर ले गए थे। पीड़ित की शिकायत पर 6 अगस्त 2026 को संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
इससे पहले मोहल्ला हरीगंज में भी रात के समय घर में घुसकर चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था। इस मामले में भी पीड़ित की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी। राजेश कमल क्षेत्राधिकारी ने बताया कि पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह एवं अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. इशांन सोनी के निर्देश पर चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया था। अभियान के दौरान 9 अगस्त 2026 की सुबह करीब 5 बजे कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अजय ब्रह्म तिवारी, उपनिरीक्षक विशाल बढ़ाना, उपनिरीक्षक जितेंद्र सिंह चंदेल तथा कांस्टेबल हनीफ सहाय, महेंद्र कुमार भारती और विमलेश कुमार सिंह की टीम ने मदारीपुर रोड स्थित वन विभाग के वॉच टावर के पास आरोपी शिवम दुबे पुत्र बालमुकुंद दुबे, निवासी कालपी, उम्र करीब 25 वर्ष को गिरफ्तार किया। सीओ के अनुसार आरोपी के कब्जे से 2.72 लाख रुपये की नगदी, सोने के दो मंगलसूत्र, एक अंगूठी, एक चेन, दो जोड़ी टॉप्स, एक जोड़ी झुमकी, एक नाक की नथ, एक जोड़ी सुई-धागा तथा चांदी की कमर पेटी, तीन जोड़ी पायल, बिछुआ, चांदी का नोट, चांदी के खोल तथा चांदी का हाथ का सामान बरामद किया गया। क्षेत्राधिकारी ने कहा कि बरामद नगदी और जेवरात में हरीगंज मोहल्ले में हुई चोरी के करीब 1.52 लाख रुपये भी शामिल हैं। पुलिस ने आरोपी शिवम दुबे को संबंधित धाराओं में गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।क्षेत्राधिकारी ने बताया कि आरोपी पूर्व में पॉक्सो एक्ट के मामले में गिरफ्तार होकर जेल जा चुका है। कुछ दिन पहले ही जेल से बाहर आया था। उन्होंने यह भी बताया कि आरोपी का एक भाई भी आपराधिक प्रवृत्ति का है। तथा एक आपराधिक मुकदमे में कानपुर जेल में बंद है।
फोटो—पुलिस द्वारा बरामद माल के साथ आरोपी।
