जिला संवाददाता अमित गुप्ता
कालपी जालौन
कालपी/जालौन रविवार को मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत स्थानीय नगर के मोहल्ला कागजीपुरा में मिशन शक्ति प्रभारी महिला सब इंस्पेक्टर ममतेश कुमारी के नेतृत्व में बहू-बेटी सम्मेलन व साइबर सुरक्षा का आयोजन किया गया। सम्मेलन में महिलाओं की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया गया।
पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रम में पुलिस टीम ने महिलाओं तथा बालिकाओं को सुरक्षा संबंधी कानूनों एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। महिला सिपाहियों ने महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 समेत अन्य महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता लेने की अपील की।
कार्यक्रम में महिला कांस्टेबलों नेहा पटेल, सोनी गौतम, प्रीती तथा रिक्रूट महिला कांस्टेबलो नीतू, लक्ष्मी उपाध्याय, नेहा देवी, रोशनी देवी के द्वारा पम्पलेट बाटकर साइबर अपराध, घरेलू हिंसा, छेड़छाड़, दहेज उत्पीड़न तथा महिला सुरक्षा से जुड़े विषयों पर जागरूक किया गया। पुलिस कर्मियों ने कहा कि महिलाओं की किसी भी प्रकार की शिकायत मिलने पर तत्काल कार्यवाही की जाएगी। कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं और बालिकाओं ने भी अपनी समस्याएं रखीं। जिनके समाधान का आश्वासन दिया गया।
फोटो – कागजीपुरा में बहू बेटी सम्मेलन में जागरुक करती मिशन शक्ति की टीम
