जिला संवाददाता अमित गुप्ता
कालपी (जालौन)
कालपी /जालौन रविवार को कालपी, बावई, चुरखी, नियामतपुर तथा महेवा के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में मुख्यमंत्री जनआरोग्य मेलों का आयोजन किया गया। जिसमें चिकित्सकीय टीमों के द्वारा 152 मरीजों का इलाज किया गया। दोपहर को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ हरि नन्दन प्रसाद तथा अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ एपी वर्मा ने महेवा तथा नियामतपुर चिकित्सालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान डाक्टरों तथा कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।
विभागीय सूत्रों के मुताबिक नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र उदनपुरा कालपी में चिकित्साधिकारी डॉक्टर अमित पोरवाल की अध्यक्षता में आयोजित मेले में 52 मरीजों का इलाज किया गया। जिसमें 31 पुरुष व 21 महिला मरीज शामिल रहे। मेले में शुगर के 7 टेस्ट किए जबकि बुखार तथा स्किन के 6-6 मरीजों की जांच की गयी। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र महेवा में चिकित्साधिकारी डॉ शेख शहरयार, कर्मचारियों मनीष कुमार, कमलेश कुमार की मौजूदगी में आयोजित मेले में 26 मरीजों का इलाज किया गया। सरकारी चिकित्सालय बावई में 28, चुरखी चिकित्सालय में 21 रोगियों का तथा नियामतपुर चिकित्सालय में 25 मरीजों का इलाज हुआ। मेलो में कंडोम, टेबलेट तथा सामग्रियों का वितरण कर परिवार कल्याण कार्यक्रम के बारे में जागरूक किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ हरि नन्दन प्रसाद तथा अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ एपी वर्मा ने प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र महेवा तथा नियामतपुर का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने महेवा में ड्यूटी में मौजूद चिकित्साधिकारी डॉक्टर शेख शहरयार तथा कर्मचारियों को निर्देश दिया कि दवाओं का पर्याप्त मात्रा में रखा जाये। मरीजों का इलाज समय से किया जाये। टीकाकरण कार्य में गतिशीलता से किया जाये। तथा चिकित्सालयों के परिसरों में स्वच्छता बनाये रखा जाये।
फोटो- पीएचसी महेवा का निरीक्षण करते सीएमओ तथा एसीएमओ
