कोंच (जालौन) कोंच क्षेत्र में शनिवार दोपहर 1:30 बजे सड़क हादसे में स्कूल से घर लौट रही 15 वर्षीय छात्रा और मोटरसाइकिल सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा ग्राम जगनपुरा के पास हुआ। राहगीरों की मदद और एंबुलेंस के जरिए दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कोंच पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को उच्च चिकित्सा संस्थान के लिए रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम अवधपुरी महेशपुरा, थाना कैलिया निवासी फूल सिंह की 15 वर्षीय पुत्री समीक्षा ग्राम सामी स्थित महावीर इंटर कॉलेज में आयोजित स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में शामिल होने गई थी। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वह साइकिल से अपने घर वापस लौट रही थी। इसी दौरान ग्राम जगनपुरा के पास सामने से आ रही मोटरसाइकिल ने उसकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि छात्रा और मोटरसाइकिल सवार दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जुट गई। लोगों ने तत्काल मदद करते हुए एंबुलेंस को सूचना दी और दोनों घायलों को सीएचसी कोंच पहुंचाया। चिकित्सक डॉ. गौर ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए मोटरसाइकिल सवार युवक को मेडिकल कॉलेज तथा छात्रा समीक्षा को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हादसे के बाद परिजनों में चिंता का माहौल है।
