हरचंद्रपुर की मतदाता सूची में अनियमितताओं का आरोप

 

जिला संवाददाता अमित गुप्ता

कदौरा जालौन

 

कदौरा/जालौन कदौरा विकासखंड ग्राम पंचायत हरचंद्रपुर की वर्ष 2026 की मतदाता सूची को लेकर ग्रामीणों ने गंभीर अनियमितताओं के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि वर्ष 2025 की मतदाता सूची में जिन पात्र मतदाताओं के नाम दर्ज थे, उनमें से कई लोगों के नाम वर्ष 2026 की सूची से बिना किसी पूर्व सूचना या स्पष्ट कारण के हटा दिए गए। वहीं, कुछ ऐसे व्यक्तियों के नाम पुनः सूची में शामिल कर दिए गए, जिनके नाम पहले हटाए जा चुके थे। ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि कुछ गैर-निवासियों के नाम मतदाता सूची में दर्ज हो गए, जबकि गांव के वास्तविक निवासी, जिन्होंने आवश्यक दस्तावेज समय पर जमा किए थे, उनके नाम अब भी सूची में शामिल नहीं किए गए हैं।

ग्रामीण सर्वेश विश्वकर्मा ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में 14 मार्च 2026 को संबंधित पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी, जिसकी संदर्भ संख्या 60000260063553 है। उनके अनुसार, 10 अप्रैल 2026 को प्रस्तुत जांच आख्या में जांच अधिकारी द्वारा आश्वासन दिया गया था कि पात्र व्यक्तियों के नाम अगली परिवर्धन (पूरक) मतदाता सूची में सम्मिलित कर दिए जाएंगे।

ग्रामीणों का आरोप है कि 10 जुलाई 2026 को प्रकाशित परिवर्धन सूची में एक भी पात्र व्यक्ति का नाम नहीं जोड़ा गया। इसके बाद सर्वेश विश्वकर्मा ने 30 जुलाई 2026 को जिलाधिकारी, जालौन को पुनः लिखित प्रार्थना-पत्र देकर पूरे प्रकरण से अवगत कराया तथा मतदाता सूची की निष्पक्ष जांच कराकर सभी पात्र मतदाताओं के नाम शामिल कराने की मांग की। उनका कहना है कि अब तक समस्या का संतोषजनक समाधान नहीं हो सका है।

ग्रामीणों ने जिला निर्वाचन अधिकारी एवं संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि पूरे मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराई जाए, वर्ष 2026 की मतदाता सूची का पुनः सत्यापन कराया जाए तथा जिन पात्र नागरिकों के नाम गलत तरीके से हटाए गए हैं, उन्हें शीघ्र सूची में शामिल किया जाए। साथ ही, यदि जांच में किसी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता सामने आती है तो संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके।

Leave a Reply