कोंच (जालौन) शनिवार शाम एक हादसे में मोटरसाइकिल सवार महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। पंचानन चौराहे के पास मोटरसाइकिल के सामने अचानक कुत्ता आ जाने से चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और बाइक सड़क पर गिर गई। हादसे में मोटरसाइकिल पर पीछे बैठी महिला को गंभीर चोटें आईं।
जानकारी के अनुसार, प्रताप नगर निवासी वहीदन पत्नी साबिर, उम्र करीब 45 वर्ष, मध्य प्रदेश के लहार से अपनी लड़की के घर से अपने घर कोंच लौट रही थीं। उनके साथ उनका भतीजा अरशद, उम्र करीब 22 वर्ष, मोटरसाइकिल चला रहा था। शनिवार शाम करीब छह बजे दोनों पंचानन चौराहे के पास पहुंचे, तभी अचानक एक कुत्ता मोटरसाइकिल के सामने आ गया।
कुत्ते के अचानक सामने आने से अरशद मोटरसाइकिल को संभाल नहीं सका और बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। हादसे में वहीदन सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि उनके भतीजे को भी चोटें आईं।
दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। राहगीरों और परिजनों ने घायल महिला को ई-रिक्शा की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोंच पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने महिला का प्राथमिक उपचार किया। महिला की हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल उरई रेफर कर दिया।
हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन महिला को जिला अस्पताल उरई लेकर रवाना हो गए। घटना के बाद कुछ समय के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
