एसडीएम रिंकू सिंह राही आईएएस की सुरक्षा की मांग

 

जाटव समाज विकास महासभा ने मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन

के के श्रीवास्तव बुंदेलखंड ब्यूरो जालौन

उरई (जालौन) जाटव समाज विकास महासभा, उत्तर प्रदेश ने उरई में तैनात एसडीएम (न्यायिक) रिंकू सिंह राही आईएएस की सुरक्षा की मांग की है। इस संबंध में महासभा के प्रदेश अध्यक्ष रामशरण जाटव के नेतृत्व में मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से सिटी मजिस्ट्रेट सुनील कुमार को दिया ।

ज्ञापन में कहा गया कि रिंकू सिंह राही निर्भीक,निष्पक्ष, कर्तव्यपरायण और ईमानदार छवि के अधिकारी हैं। महासभा का कहना है कि पूर्व में भी विभिन्न जनपदों में प्रशासनिक सेवा के दौरान भ्रष्टाचार को उजागर करने के कारण उनके ऊपर असामाजिक तत्वों द्वारा जानलेवा हमला किया जा चुका है, जिसमें उन्हें शारीरिक क्षति भी हुई थी। पदाधिकारियों ने कहा कि वर्तमान में भी अधिकारी को असुरक्षित महसूस होने संबंधी खबरें सोशल मीडिया व प्रिंट मीडिया में प्रकाशित हुई हैं। ऐसे में भारतीय प्रशासनिक सेवा में कार्यरत अधिकारियों की तरह अन्य प्रशासनिक अधिकारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी शासन की जिम्मेदारी है। महासभा ने मुख्यमंत्री से मांग की कि एसडीएम रिंकू सिंह राही की सुरक्षा की शासन एवं जिला प्रशासन स्तर पर समीक्षा कर उन्हें आवश्यक सुरक्षा उपलब्ध कराने के लिए शासन को संस्तुति भेजी जाए। ज्ञापन के दौरान जिलाध्यक्ष रामनाथ सुमन, रामसनेही जाटव, मुन्ना लाल जाटव, मनमोहन जाटव, मुन्नालाल भारती, शारदा प्रसाद, वीरेंद्र प्रताप सिंह, डॉ सतेंद्र कुमार सत्यार्थी, कालका प्रसाद, राजेश कुमार मौजूद रहे।

Leave a Reply