Loading market...

उच्च प्राथमिक विद्यालय पाधौरी में चोरों ने मचाया तांडव

कोंच (जालौन) नगर क्षेत्र के एक उच्च प्राथमिक विद्यालय में चोरों ने गेट का ताला और कुंडा काटकर विद्यालय के अंदर रखे सामान पर हाथ साफ कर दिया। सुबह विद्यालय पहुंचने पर प्रधानाध्यापक को चोरी की घटना की जानकारी हुई। उन्होंने तत्काल ग्राम प्रधान, विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष और संबंधित अधिकारियों को सूचना देने के साथ ही पुलिस की आपातकालीन सेवा 112 पर भी जानकारी दी। प्रधानाध्यापक ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर अज्ञात चोरों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, उच्च प्राथमिक विद्यालय पन्यौरी में प्रधानाध्यापक सुबह करीब 7:45 बजे विद्यालय पहुंचे। विद्यालय पहुंचने पर उन्होंने देखा कि गेट का ताला कटा हुआ था। इसके बाद जब उन्होंने कार्यालय के गेट की स्थिति देखी तो वहां भी ताला काटे जाने के निशान मिले। कार्यालय के अंदर जाकर जांच करने पर सामान बिखरा हुआ मिला। इससे विद्यालय में चोरी होने की जानकारी हुई।

प्रधानाध्यापक ने घटना की सूचना ग्राम प्रधान, विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष, शिक्षा विभाग के अधिकारियों तथा पुलिस को दी। इसके बाद विद्यालय के कमरों और कार्यालय में रखे सामान की जांच की गई। जांच के दौरान कई सामान गायब मिले, जिनमें सरकारी टैबलेट, इन्वर्टर की बैटरी, अन्य बैटरी, स्पीकर, माइक्रोफोन सहित कुछ अन्य सामग्री और करीब पांच हजार रुपये की नकदी का उल्लेख प्रार्थना पत्र में किया गया है।

प्रधानाध्यापक ने बताया कि चोरी गए सामान की जांच करने के बाद पुलिस को प्रार्थना पत्र सौंपा गया है। उन्होंने अज्ञात चोरों का पता लगाकर चोरी हुए सामान की बरामदगी और आवश्यक कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। घटना के बाद विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चिंता जताई जा रही है।

Leave a Reply