Loading market...

कालपी सीट पर बसपा ने खोला चुनावी पत्ता, वीरपाल सिंह चौहान बने प्रभारी

 

जिला संवाददाता अमित गुप्ता

कालपी, जालौन

 

कालपी/ जालौन आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर बहुजन समाज पार्टी ने 220 कालपी विधानसभा क्षेत्र में संगठनात्मक तैयारियों को तेज करते हुये बड़ा सियासी संदेश दिया। एमएसवी इंटर कॉलेज के मैदान में आयोजित विशाल विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में वीरपाल सिंह चौहान को वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए कालपी सीट का प्रभारी घोषित किया गया। घोषणा होते ही सम्मेलन स्थल बसपा सुप्रीमो मायावती और नवनियुक्त विधानसभा प्रभारी वीरपाल सिंह चौहान के समर्थन में नारों से गूंज उठा।

सोमवार को आयोजित सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए बुंदेलखंड क्षेत्र के मुख्य कोऑर्डिनेटर लालाराम अहिरवार ने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता पूरी मजबूती के साथ संगठन को सक्रिय करें और बहन मायावती को प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने के लक्ष्य के साथ काम करें। उन्होंने 220 कालपी विधानसभा क्षेत्र के लिए वीरपाल सिंह चौहान को पार्टी का प्रभारी नियुक्त किए जाने की घोषणा की।

विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन में विधानसभा क्षेत्र के 516 बूथों से कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों की भागीदारी रही। कार्यक्रम में मुख्य, जोनल तथा मंडलीय कोऑर्डिनेटरों के अलावा प्रदेश, जिला और विधानसभा स्तर के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। सम्मेलन के दौरान संगठनात्मक गतिविधियों, बूथ कमेटियों की सक्रियता, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों और आगामी जनसंपर्क अभियान को लेकर भी चर्चा की गई।

कार्यक्रम में मुख्य मंडल प्रभारी मानवेंद्र पटेल, मंडल प्रभारी धीरेंद्र चौधरी, शैलेंद्र शिरोमणि, बृजभूषण कुशवाहा, अनिरुद्ध चौधरी, जिलाध्यक्ष वृजेश जाटव, पूर्व कैबिनेट मंत्री चैनसुख भारती, पूर्व मंत्री जगदीश प्रजापति, रफीउद्दीन पन्नू, उदयवीर सिंह धोरे, नारायण हरि अवस्थी, भगवती शरण पांचाल, आनंद परिहार, सिद्ध गोपाल गौतम, राजेश गौतम, विनोद पाल तथा पूर्व पालिकाध्यक्ष प्रतिनिधि जगजीवन अहिरवार सहित पार्टी के अनेक वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।

सम्मेलन को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह दिखाई दिया। कार्यक्रम स्थल के साथ-साथ आसपास की सड़कों को पोस्टर, होर्डिंग, बैनर और बसपा के झंडों से सजाया गया था। बड़ी संख्या में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने पार्टी और नेताओं के समर्थन में नारेबाजी की। वीरपाल सिंह चौहान को विधानसभा प्रभारी बनाए जाने के बाद कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत भी किया।

 

फोटो— सम्मेलन में मौजूद बसपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता।

Leave a Reply