Loading market...

ठेकेदारों से पालिका ने कराये काम, अब नहीं कर रही भुगतान ठेकेदारों व मजदूरों ने किया प्रदर्शन

कोंच (जालौन) नगर पालिका परिषद में मंगलवार दोपहर 12:30 बजे 24 निर्माण कार्यों का भुगतान लंबित होने के विरोध में ठेकेदार जितेन्द्र कुमार समेत अन्य ठेकेदारों और मजदूरों ने प्रदर्शन कर नारेबाजी की। इस दौरान ठेकेदार ने अधिशाषी अधिकारी मोनिका उमराव को ज्ञापन सौंपकर लंबित भुगतान जल्द कराने की मांग की।

 

ज्ञापन में ठेकेदारों व मजदूरों ने बताया कि उन्होंने कार्यादेश के अनुसार सभी 24 निर्माण कार्य पूरे करा दिए हैं, लेकिन कई महीने बीतने और कई बार लिखित अनुरोध करने के बावजूद भुगतान नहीं किया गया। उन्होंने दावा किया कि अपर जिलाधिकारी, जालौन के प्रभारी अधिकारी (स्थानीय निकाय) द्वारा भुगतान के संबंध में आदेश दिए जाने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ है।

 

ठेकेदार के अनुसार भुगतान न मिलने से मजदूरों की मजदूरी और निर्माण सामग्री का बकाया चुकाने में परेशानी हो रही है। करवाचौथ और दीपावली जैसे त्योहारों के मद्देनजर उन्होंने जल्द भुगतान कराने की मांग की। साथ ही, भुगतान किस स्तर पर रुका है, इसकी जानकारी लिखित रूप में उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।

 

प्रदर्शन में शामिल मजदूरों ने भी बकाया भुगतान शीघ्र दिलाने की मांग उठाई। ठेकेदार ने संबंधित अधिकारियों से मामले का संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई करने की अपील की।

Leave a Reply