जिला संवाददाता अमित गुप्ता
कालपी (जालौन)।
कालपी/जालौन बुधवार को पुलिस क्षेत्राधिकारी कालपी सदानंद सिंह के द्वारा स्थानीय कोतवाली का शीतकालीन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कोतवाली परिसर के विभिन्न विभागों का बारीकी से जायजा लेते हुए सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता, अभिलेखों के रखरखाव तथा पुलिसकर्मियों की कार्यप्रणाली को परखा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को व्यवस्थाएं बेहतर बनाए रखने और अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी के साथ करने के निर्देश दिए।
दोपहर करीब 12 बजे सीओ सदानंद सिंह कोतवाली कालपी पहुंचे। यहां पुलिस जवानों ने उन्हें सलामी देकर सम्मानित किया। इसके बाद उन्होंने कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार सिंह की मौजूदगी में निरीक्षण की शुरुआत की। सबसे पहले उन्होंने शस्त्रागार का निरीक्षण कर वहां रखे असलहों, कारतूसों, बॉडी प्रोटेक्टर तथा अन्य सुरक्षा उपकरणों की जांच एवं गणना की। उन्होंने शस्त्रों की साफ-सफाई और उनके सुरक्षित रखरखाव पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि पुलिसकर्मियों को उपलब्ध कराए गए सुरक्षा उपकरण हमेशा दुरुस्त एवं उपयोग के योग्य रहने चाहिए। सीओ ने मालखाने का निरीक्षण किया और वहां रखे सामान तथा विभिन्न मुकदमों से संबंधित माल-मुकदमाती वस्तुओं के रखरखाव की स्थिति देखी। उन्होंने संबन्धित कर्मचारियों को मालखाने में रखे सामान का व्यवस्थित रिकॉर्ड बनाए रखने और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कार्यालय में पहुंचकर उन्होंने विभिन्न रजिस्टरों एवं महत्वपूर्ण अभिलेखों का अवलोकन किया। अभिलेखों के रखरखाव और आवश्यक सूचनाओं को समय से अपडेट करने पर जोर देते हुए उन्होंने पुलिसकर्मियों को कार्यों में लापरवाही न बरतने की हिदायत दी। उन्होंने निरीक्षण के दौरान पुरुष एवं महिला हवालात का भी जायजा लिया गया। सीओ ने हवालात की सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई और अन्य आवश्यक सुविधाओं को देखा तथा स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। इसके अलावा कंप्यूटर कक्ष में पहुंचकर उन्होंने ऑपरेटरों एवं पुलिसकर्मियों से विभिन्न मामलों की ऑनलाइन फीडिंग और विभागीय कार्यों की जानकारी प्राप्त की।
कोतवाली परिसर में खड़े विभिन्न मुकदमों में बरामद एवं सीज किए गए वाहनों के रखरखाव की स्थिति देखकर उन्होंने नाराजगी जताई। उन्होंने संबन्धित हेड मोहर्रिर को निर्देशित किया कि वाहनों को निर्धारित क्रम में व्यवस्थित ढंग से खड़ा कराया जाए, ताकि परिसर में अनावश्यक अव्यवस्था न रहे और आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
सीओ सदानंद सिंह ने महिला सहायता केंद्र एवं मिशन शक्ति से संबंधित व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने महिला संबंधी शिकायतों के निस्तारण और पीड़ित महिलाओं को सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जानकारी ली। इसके बाद पुलिसकर्मियों के आवासीय परिसर का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। पुलिस जवानों के लिए संचालित भोजनालय एवं मेस में पहुंचकर भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई और व्यवस्थाओं को देखा तथा जिम्मेदार कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सीओ ने स्पष्ट किया कि पुलिस थानों में सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता और अभिलेखों का सुव्यवस्थित रखरखाव बेहद महत्वपूर्ण है। सभी पुलिसकर्मी अपनी जिम्मेदारियों के प्रति सजग रहें तथा थाने की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखें।
इस मौके पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार सिंह, एडिशनल इंस्पेक्टर अवनीश कुमार, सुनील कुमार सहित उपनिरीक्षक, पुलिसकर्मी एवं महिला पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
फोटो – कोतवाली का निरीक्षण करते सीओ
