जिला संवाददाता अमित गुप्ता
कालपी (जालौन)।
कालपी/जालौन आजादी के लगभग 75 वर्ष बीत जाने के बाद भी तहसील कालपी के ग्राम इमलिया खुर्द में पक्की सड़क का निर्माण नहीं हो सका है। शनिवार को तहसील दिवस के अवसर पर ग्रामीणों ने अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर जोल्हूपुर–मदारपुर मार्ग से गांव तक पक्की सड़क बनवाने की मांग की।
ग्रामीणों ने बताया कि कच्चा रास्ता होने से बरसात में आवागमन ठप हो जाता है और सैकड़ों बच्चों को विद्यालय पहुंचने में परेशानी होती है। वन क्षेत्र में गांव शामिल होने के कारण सड़क निर्माण में बाधा आ रही है। ग्रामीणों ने गाटा संख्या 147 की सरकारी बंजर भूमि का उपयोग कर पीडब्ल्यूडी के माध्यम से सड़क निर्माण कराने की मांग उठाई। उन्होंने प्रशासन से संबंधित विभागों के समन्वय से वर्षों पुरानी समस्या का जल्द समाधान कराने की अपील की। इस मौके पर ग्रामवासी सुनील कुमार, रमेश, अरविंद, रामबाबू, भूरा, सोनू, देवेंद्र पाल, बालवीर, प्रदीप, दयाराम, लल्ला और समाज सेवी जावेद मंसूरी आदि लोग शामिल रहे।
फोटो – सड़क की हालत
