कालपी (जालौन) रेल यात्रियों की सुविधा के लिए लगाई गई ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन अब खुद ही परेशानी का कारण बन गई है। स्टेशन परिसर में स्थापित यह आधुनिक मशीन लंबे समय से बंद पड़ी है, जिससे यात्रियों को टिकट लेने के लिए घंटों लाइन में खड़ा होना पड़ रहा है।
बताया जाता है कि रेलवे विभाग की महत्वाकांक्षी योजना के तहत यात्रियों को त्वरित टिकट सुविधा देने के उद्देश्य से यह मशीन करीब एक वर्ष पूर्व लगाई गई थी। लेकिन वर्तमान में यह मशीन पूरी तरह निष्क्रिय है। नतीजतन, यात्रियों को मजबूरन टिकट खिड़की का सहारा लेना पड़ रहा है, जिससे भीड़ बढ़ रही है और कई यात्रियों की ट्रेन तक छूट जा रही है।
स्टेशन अधिकारियों का कहना है कि मशीन के तार और उपकरणों को बंदरों द्वारा नुकसान पहुंचाया जाता है, जिसके चलते इसका संचालन प्रभावित होता है। हालांकि, स्थानीय लोगों और यात्रियों का आरोप कुछ और ही कहानी बयां करता है। उनका कहना है कि विभागीय कर्मचारियों की भूमिका संदेह के घेरे में है और आर्थिक लाभ के चलते मशीन को जानबूझकर खराब रखा जाता है।
सबसे बड़ा सवाल यह उठता है कि क्या कोई आधुनिक मशीन इतनी लंबी अवधि तक खराब रह सकती है? यदि हां, तो यह सीधे तौर पर विभागीय लापरवाही और जिम्मेदारों की निष्क्रियता को दर्शाता है।
यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से मांग की है कि जनहित को देखते हुए इस ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन को जल्द से जल्द चालू कराया जाए, ताकि उन्हें अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
