श्रीराम मंदिर चोरी के मामले को लेकर कांग्रेसियों ने किया कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन  - Aaj Tak Media

श्रीराम मंदिर चोरी के मामले को लेकर कांग्रेसियों ने किया कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन 

 

अमित गुप्ता

उरई जालौन

 

उरई (जालौन) जिला कांग्रेस कमेटी जालौन के अध्यक्ष अरविंद सिंह सेंगर ने अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर में दान एवं चढ़ावे से जुड़ी कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कराने की मांग को लेकर राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा।ज्ञापन में कहा गया है कि श्रीराम मंदिर में दान एवं चढ़ावे से संबंधित कथित गड़बड़ियों की खबरों से करोड़ों राम भक्तों की भावनाएं आहत हुई हैं। यह मामला केवल आर्थिक अनियमितता का नहीं, बल्कि लोगों की आस्था और विश्वास से भी जुड़ा हुआ है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया है, लेकिन अभी तक इस मामले में एफआईआर दर्ज न होना कई सवाल खड़े करता है। उन्होंने मांग की कि मामले में तत्काल एफआईआर दर्ज कराई जाए तथा उच्च न्यायालय के न्यायाधीश की निगरानी में निष्पक्ष न्यायिक जांच कराई जाए। ज्ञापन में यह भी कहा गया कि यदि कोई व्यक्ति जांच में दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि जनता के बीच पारदर्शिता बनी रहे और श्रद्धालुओं का विश्वास कायम रह सके।जिला कांग्रेस कमेटी ने राज्यपाल से करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए मामले में शीघ्र न्यायिक जांच और एफआईआर दर्ज कराने के लिए आवश्यक निर्देश जारी करने की मांग की है।इस मौके पर प्रमुख रूप से शहर अध्यक्ष राजकुमार पिपरिया, जमुनादास अहिरवार शहर उपाध्यक्ष, जितेंद्र मिश्रा पूर्व जिला महासचिव, आशीष बुंदेला, देशराज वर्मा, अयूब अंसारी, शब्बीर अंसारी जिला उपाध्यक्ष, कमाल उद्दीन, शकुंतला तिवारी महिला जिलाध्यक्ष, श्याम सुन्दर चौधरी, कमल दोहरे सहित आदि कांग्रेसजन मौजूद रहे।

Leave a Reply