कालपी /जालौन आटा थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-27 पर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। घटना चामरी गांव के पास की है, जहां रॉन्ग साइड से हाईवे पार कर रहे युवक को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बाइक सवार युवक हाईवे पार कर रहा था, तभी सामने से आ रही तेज गति की कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान अभिषेक कुमार के रूप में हुई है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे में शामिल कार को भी अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि रॉन्ग साइड से हाईवे पार करना हादसे की मुख्य वजह हो सकता है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
अपील: हाईवे पार करते समय यातायात नियमों का पालन करें। थोड़ी सी लापरवाही गंभीर हादसे का कारण बन सकती है।
