यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो ने बनाया नया रिकॉर्ड, 6,500 करोड़
जिला संवाददाता अमित गुप्ता
कालपी (जालौन)
कालपी/जालौन उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो का चौथा संस्करण निवेश और कारोबार के क्षेत्र में नया रिकॉर्ड कायम करते हुए संपन्न हो गया। इंडिया एक्सपो मार्ट, ग्रेटर नोएडा में 25 से 29 सितंबर तक आयोजित पांच दिवसीय ट्रेड शो में कालपी के प्रसिद्ध हस्तनिर्मित हाथ कागज उद्योग ने भी अपनी खास पहचान बनाई। कालपी के उद्यमी विनीत गुप्ता ने हाथ कागज से तैयार विभिन्न उत्पादों का प्रदर्शन कर देश-विदेश से आए कारोबारियों और दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।
ट्रेड शो के दौरान करीब 680 मिलियन डॉलर यानी लगभग 6,500 करोड़ रुपये के 4,400 एमओयू पर हस्ताक्षर हुए। वहीं बिजनेस इन्क्वायरी के आधार पर लगभग 15,500 करोड़ रुपये के संभावित कारोबार का अनुमान लगाया गया है।
फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट ऑर्गनाइजेशन (फियो) के आंकड़ों के अनुसार इस बार कुल 41,500 बी2बी बैठकें हुईं। इनमें 13,500 बैठकें रिवर्स बायर्स-सेलर्स मीट के दौरान तथा 28,000 बैठकें मुख्य प्रदर्शनी क्षेत्र में आयोजित हुईं। पांच दिनों में कुल 5,98,693 लोगों ने ट्रेड शो का अवलोकन किया, जिसमें करीब 1.74 लाख घरेलू बिजनेस बायर्स और 4.23 लाख आम दर्शक शामिल रहे।
ट्रेड शो में कालपी के हाथ कागज से बने उत्पादों की प्रदर्शनी को लेकर स्थानीय उद्यमियों में भी उत्साह देखने को मिला। उत्तर प्रदेश हाथ कागज निर्माता समिति के अध्यक्ष नरेंद्र तिवारी सहित अन्य उद्यमियों ने विनीत गुप्ता एवं उनकी टीम को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उद्यमियों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर के ऐसे मंच पर कालपी के हस्तनिर्मित कागज और उससे तैयार उत्पादों का प्रदर्शन स्थानीय उद्योग की पहचान को व्यापक स्तर पर पहुंचाने में महत्वपूर्ण साबित होगा।
फोटो — नोएडा स्थित यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में हाथ कागज से बने उत्पादों का प्रदर्शन करते उद्यमी विनीत गुप्ता
