Loading market...

पत्रकारों की सुरक्षा व हिरासत प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर पत्रकारों ने सौंपा ज्ञापन

 

जिला संवाददाता अमित गुप्ता

कालपी, (जालौन)

 

कालपी/ जालौन लिविंग इंडिया एवं हिंदी खबर न्यूज चैनल के संपादकों तथा महिला पत्रकार को हिरासत में लिए जाने के प्रकरण की निष्पक्ष जांच तथा पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग को लेकर डिस्ट्रिक्ट प्रेस क्लब कालपी की ओर से महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन उपजिलाधिकारी कालपी को सौंप कर उचित कार्यवाही करने की मांग उठाई है।

ज्ञापन में पत्रकारों के साथ कानून के अनुरूप व्यवहार सुनिश्चित करने, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का सम्मान करने तथा पत्रकारिता के दौरान उत्पीड़न, धमकी, मारपीट और दुर्व्यवहार की घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की गई है।

गुरुवार को डिस्ट्रिक्ट प्रेस क्लब तहसील / नगर कालपी के सदस्य तहसील कालपी में एकत्रित हो गए। संगठन के तहसील अध्यक्ष सलीम अंसारी की अगुवाई में पत्रकारों ने तहसील कालपी में पहुंच कर उपजिलाधिकारी विनय कुमार मौर्य को ज्ञापन सौंपते हुए मांग की गई है कि संबन्धित प्रकरण की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। जांच में किसी अधिकारी या व्यक्ति द्वारा कानून का उल्लंघन अथवा अधिकारों का दुरुपयोग किए जाने की पुष्टि होती है, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाए।

ज्ञापन में महिला पत्रकारों के साथ होने वाले दुर्व्यवहार और उत्पीड़न की शिकायतों पर संवेदनशीलता के साथ जांच करने, निष्पक्ष पत्रकारिता करने वाले पत्रकारों को अनावश्यक रूप से परेशान करने तथा झूठे मामलों में फंसाने की शिकायतों का निष्पक्ष निस्तारण करने की भी मांग उठाई गई है। पत्रकारों को निर्भीक एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने, जनसमस्याओं को उजागर करने के दौरान पत्रकारों को धमकी देने और उनके कार्य में बाधा डालने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा पत्रकारों के अधिकारों की रक्षा के लिए राष्ट्रीय स्तर पर पत्रकार सुरक्षा आयोग का गठन किए जाने की मांग संबंधित उच्चाधिकारियों एवं शासन तक पहुंचाने का अनुरोध किया गया है।

राष्ट्रपति से पत्रकारिता की स्वतंत्रता, लोकतांत्रिक मूल्यों और जनहित की रक्षा के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने तथा पत्रकारों की सुरक्षा एवं अधिकारों के संरक्षण के लिए प्रभावी कदम उठाने की अपील की गई है। ज्ञापन देने वाले पत्रकारों में वरिष्ठ पत्रकार प्रकाश नारायण द्विवेदी, नगर अध्यक्ष राजनरायन शुक्ला, महामंत्री अमित यादव, नगर उपाध्यक्ष राजाबाबू ओमरे, महामंत्री अंकित गुप्ता, संतोष राठौर, राजकुमार चौरसिया, वीरेंद्र वर्मा, विकास सिंह, प्रशांत शुक्ला, ठाकुर पंकज सिंह चौहान, श्यामू पाल, फहीम खान, देव पटेल, अजीमुल्ला अंसारी, अमीर हसन अंसारी, मुस्ताक अंसारी, संजीव नगाइच, लखन, रिहान रजा, सलमान खान, भूपेंद्र विश्वकर्मा, शिवम, अमित गुप्ता, शामिल रहे। उपजिलाधिकारी विनय कुमार मौर्य ने कहा कि ज्ञापन की कापी महामहिम राष्ट्रपति महोदया को उचित कार्यवाही कराने के लिए प्रेषित किया जायेगा।

 

फोटो – एसडीएम को ज्ञापन सौंपते पत्रकार

Leave a Reply