जिला संवाददाता अमित गुप्ता
कालपी (जालौन)
कालपी/जालौन स्थानीय तहसील क्षेत्र अंतर्गत थाना आटा क्षेत्र के ग्राम भदरेखी से मेडिकल दवा लेने घर से निकले एक बुजुर्ग के लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों की काफी तलाश के बावजूद जब उनका कोई पता नहीं चल सका, तो बेटे की तहरीर पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
उक्त मामले की जानकारी पुलिस सूत्रों के अनुसार ग्राम व पोस्ट भदरेखी निवासी शिवा सिंह पुत्र मुन्ना सिंह उर्फ रणवीर सिंह ने थाना आटा पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनके पिता मुन्ना सिंह उर्फ रणवीर सिंह बीते 15 नवंबर 2026 को दोपहर करीब 3:30 बजे घर से मेडिकल दवा लेने के लिए निकले थे। इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटे।
प्रार्थी के अनुसार, घर न लौटने पर परिजनों ने आसपास व नाते-रिश्तेदारी में काफी खोजबीन और पूछताछ की, लेकिन उनका कहीं कुछ पता नहीं चल सका। इसके बाद परिजनों ने पुलिस की शरण ली।
पुत्र की तहरीर के आधार पर 24 नवंबर 2026 को थाना आटा में गुमशुदगी का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस के मुताबिक, मामले की जांच उपनिरीक्षक सुरेश कुमार यादव को सौंपी गई है और लापता बुजुर्ग की तलाश की जा रही है।
